जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

Railway Overbridge Pothole: बरठी कमरौर ओवरब्रिज में भारी गड्ढा, पूर्व विधायक मनोज सिंह ने रेल अफसरों को दे दी आंदोलन की चेतावनी

सैयदराजा के बरठी कमरौल रेलवे ओवरब्रिज में भारी गड्ढा होने से लोगों की जान जोखिम में, सपा पूर्व विधायक मनोज सिंह ने धरना देकर सेतु निगम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, 15 दिन में आंदोलन की चेतावनी।

 
 

रेलवे ओवरब्रिज में भारी गड्ढा

बरठी कमरौल में जान जोखिम

पूर्व विधायक मनोज सिंह धरना

सेतु निगम पर भ्रष्टाचार आरोप

15 दिन में आंदोलन चेतावनी

चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के बरठी कमरौर गांव में बने रेलवे ओवरब्रिज के बीच सड़क पर भारी गड्ढा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों की जान जोखिम में है। पुल पर बने गड्ढे को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मौके पर धरना देकर विरोध जताया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सेतु निगम पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।

पूर्व विधायक मनोज सिंह ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए किया गया था, लेकिन निर्माण के बाद ही पुल की स्थिति पर सवाल खड़े होने लगे हैं। पुल के बीच में बने बड़े गड्ढे से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। बाइक सवार और कार सवार को अचानक गड्ढा दिखने से ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे पीछे से टक्कर का खतरा बना रहता है।

भ्रष्टाचार का नमूना है पुल - मनोज सिंह

मनोज सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का यह एक नमूना है। निर्माण कार्य पूरा भी नहीं हुआ और पुल पर गड्ढे होने लगे। इससे साफ पता चलता है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

उन्होंने कहा कि जिस संस्था द्वारा बरठी कमरौल में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है, उसी संस्था के कार्यों को लेकर पूर्व में भी सवाल उठ चुके हैं। उन्होंने कटसिला में रेलवे ब्रिज निर्माण के दौरान हुए हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में कई लोगों की जान चली गई थी।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कटसिला हादसे के बाद रातों-रात मामले से जुड़े सामान और अन्य चीजों को हटाकर मामले को दबाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

barthi-kamraur-overbridge-pothole-ex-mla-protest

15 दिन में समाधान नहीं तो उग्र आंदोलन

धरने के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बरठी कमरौर स्थित रेलवे ओवरब्रिज की समस्या का 15 दिनों के भीतर समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धरने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुल की जर्जर स्थिति को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। लोगों का कहना है कि पुल पर बने गड्ढे के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। रात में तो गड्ढा दिखाई भी नहीं देता, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने की मांग की।

पूर्व विधायक के धरने की सूचना पर सेतु निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी तक मरम्मत शुरू नहीं हुई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*