बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा : परीक्षा देने वाले कर लें तैयारी, न लेकर जाएं ऐसे सामान, ऐसी 14 केन्द्रों पर तैयारी
चंदौली जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित होने जा रही है। कुल 12,640 अभ्यर्थियों की शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सीसीटीवी और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ कड़े इंतजाम किए हैं।
रविवार को होगी बीएड प्रवेश परीक्षा
14 केंद्रों पर 12,640 अभ्यर्थी शामिल
सीसीटीवी कैमरों की होगी सख्त निगरानी
परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
चंदौली जिले में रविवार को आयोजित होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलेभर में सुरक्षा के कड़े व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इन सभी केंद्रों को मिलाकर इस वर्ष कुल 12,640 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे हैं।

दो पालियों में होगी परीक्षा, एक घंटे पहले मिलेगा प्रवेश
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से दो पालियों में सुनिश्चित किया गया है। निर्धारित समय सारिणी के तहत पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:00 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी। इसके बाद दूसरी पाली का आयोजन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने की समय अवधि से ठीक एक घंटा पहले परीक्षा केंद्रों के भीतर प्रवेश दे दिया जाएगा।
सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की रहेगी पैनी नजर
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों और सहायक केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर कड़े पर्यवेक्षण के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की मुस्तैदी रहेगी। इसके साथ ही, परीक्षा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी कमरों और परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

इन प्रमुख केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
जिले में जिन 14 प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनमें अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (शहीदगांव) में 960, शहीद हीरा सिंह राजकीय पीजी कॉलेज (धानापुर) में 960 और अशोक इंटर कॉलेज (बबुरी) में 960 छात्र परीक्षा देंगे। इसके अलावा, पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज (पीडीडीयू नगर) में 960, नगर पालिका इंटर कॉलेज में 960, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज (सैयदराजा) में 760, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज (सैयदराजा) में 800 और नेशनल इंटर कॉलेज (सैयदराजा) में 960 परीक्षार्थी बैठेंगे।
साथ ही पं. कमलापति त्रिपाठी राजकीय पीजी कॉलेज (सकलडीहा रोड) में 720, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में 960, सकलडीहा इंटर कॉलेज (अ) में 960, सकलडीहा इंटर कॉलेज (ब) में 960, सकलडीहा पीजी कॉलेज में 760 और बाल्मीकि इंटर कॉलेज (चहनियां) में 960 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी सावधानी और प्रतिबंधित वस्तुएं
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग समय से कम से कम एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है, क्योंकि गेट बंद होने के बाद किसी भी कीमत पर प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट), फॉर्म में अपलोड की गई फोटो और पेन ले जाने की ही अनुमति होगी।
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्टवॉच, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर जैसे सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा कोई भी पाठ्यपुस्तक, गाइड, लिखित या छपे हुए नोट्स, ज्योमेट्री बॉक्स, स्केल, बड़ा बैग और खाद्य सामग्रियां ले जाने की सख्त मनाही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








