जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बिहार और नौगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग खस्ताहाल: 2 साल से गड्ढों में तब्दील एनएच-19 से जुड़ी 4 किमी सड़क

चंदौली का भगवानपुर-नवही-धरौली गंगा नहर मार्ग पिछले दो वर्षों से जर्जर पड़ा है। NH-19 को बिहार व नौगढ़ से जोड़ने वाली यह 4 किमी सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

 

भगवानपुर नवही धरौली मार्ग बेहद जर्जर

दो साल से नहीं हुई सड़क मरम्मत

बिहार और नौगढ़ जोड़ने वाला मार्ग खस्ताहाल

ओवरलोड वाहनों से सड़क में बने गड्ढे

एनएचएआई (NHAI) की लापरवाही से ग्रामीण आक्रोशित

चंदौली जिले का भगवानपुर-नवही-धरौली गंगा नहर मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली के चलते राहगीरों और ग्रामीणों के लिए आफत बन गया है। एनएच-19 (NH-19) से जुड़ी लगभग चार किलोमीटर लंबी यह मुख्य सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चालकों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।

bhagwanpur-navhi-dharouli-road-potholes-issue

दो वर्षों से नहीं हुई मरम्मत, ओवरलोड वाहनों से बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो सालों से इस महत्वपूर्ण सड़क की कोई सुध नहीं ली गई है। लगातार गुजरते ओवरलोड वाहनों और बारिश के पानी के कारण सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन और दयनीय होती चली गई। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों की वजह से बाइक सवार, स्कूली बच्चे, किसान और राहगीर रोज हादसों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं।

बिहार और नौगढ़ को जोड़ने वाला है यह महत्वपूर्ण मार्ग
यह सड़क केवल स्थानीय आवागमन ही नहीं, बल्कि बिहार राज्य और चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र को जोड़ने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इतना ही नहीं, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के वीआईपी काफिले भी आए दिन यहीं से निकलते हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क के जीर्णोद्धार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने एनएचएआई (NHAI) पर लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय ग्रामीण मुन्ना यादव, राजेन्द्र और चुडडू का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने कांवड़ यात्रा से पहले ही मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा था, पर कोई अमल नहीं हुआ। ग्रामीणों ने एनएचएआई के अधिशासी अभियंता (एक्सियन) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि जिला प्रशासन ने जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*