जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बिहार से यूपी तक पहुंची भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर की आग, इंसाफ के लिए सड़कों पर उतरा चंदौली

बिहार में हुए भारत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के विरोध में चंदौली में ब्राह्मण समाज का गुस्सा भड़क उठा है। इंसाफ और उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार को बड़ी चेतावनी दी है।
 

भारत भूषण तिवारी के लिए कैंडल मार्च

फर्जी एनकाउंटर मामले पर भारी आक्रोश

चंदौली जिला मुख्यालय पर जुटे सैकड़ों लोग

मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग

बिहार के चर्चित भारत भूषण तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले की गूंज अब उत्तर प्रदेश के चंदौली में भी सुनाई देने लगी है। रविवार को चंदौली जिला मुख्यालय पर ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोग एक साथ सड़कों पर उतरे। समाज के लोगों ने इस घटना के खिलाफ अपना भारी गुस्सा जाहिर किया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए एक विशाल कैंडल मार्च निकाला।


भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ उठाई थी आवाज
प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं का कहना था कि भारत भूषण तिवारी इलाके में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कमियों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। वे आम लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे थे। अपनी इसी सक्रियता और सामाजिक सरोकारों के कारण वे कई भ्रष्ट लोगों और बिहार प्रशासन की आंखों की किरकिरी बन गए थे। समाज का आरोप है कि इसी वजह से उन्हें रास्ते से हटा दिया गया।

सड़कों पर उतरे दिग्गज नेता और संगठन
इस कैंडल मार्च में राजनीति और समाज से जुड़े कई बड़े चेहरे शामिल हुए। कार्यक्रम में परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष सत्य मूर्ति ओझा, भाजपा नेता डॉक्टर के एन पांडे, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, स्वर्ण पार्टी के जिलाध्यक्ष रत्नेश पाठक और जिला पंचायत सदस्य अभय कुमार पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में सरकार से इस पूरे मामले की पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

आरपार की लड़ाई का ऐलान
हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि भारत भूषण तिवारी की मौत सामान्य नहीं है। अगर इस संदिग्ध मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी गई, तो यह आंदोलन केवल चंदौली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पूरे देश में और भी बड़े पैमाने पर फैलाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। पूरे प्रदर्शन के दौरान माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*