चंदौली में नाक-कान-गला (ENT) रोगियों के लिए ब्लॉकवार कैंप, सीएमओ ने जारी किया कार्यक्रम
चंदौली। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. युगल किशोर राय के निर्देश पर राष्ट्रीय बधिरता बचाव एवं रोकथाम कार्यक्रम के अंतर्गत अब जिले के सभी ब्लॉकों में नाक-कान-गला (ENT) रोगियों के लिए स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को उनके निकट ही विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराना है।
सीएमओ के अनुसार सभी कैंप संबंधित ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर निर्धारित तिथियों पर लगाए जाएंगे। कैंपों को सफल बनाने के लिए क्षेत्र की आशा, एएनएम व स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।

ENT विशेषज्ञ डॉ. अभिनव मिश्रा ने बताया कि पहला कैंप बरहनी PHC पर 29 नवंबर 2025 को आयोजित होगा। इसके बाद नियामताबाद ब्लॉक में 13 दिसंबर 2025, चहनियां PHC पर 27 दिसंबर 2025, तथा चकिया PHC पर 10 जनवरी 2026 को कैंप लगाया जाएगा। आगे साहबगंज PHC पर 31 जनवरी 2026, नवगढ़ CHC पर 28 फरवरी 2026, चंदौली PHC पर 14 फरवरी 2026, दानापुर CHC पर 14 मार्च 2026, और मोहम्मदाबाद PHC पर 28 मार्च 2026 को कैंप प्रस्तावित है। अंतिम कैंप रायपुर UPSC चंदौली पर 11 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा।
टेक्नीशियन कुलदीप चाहर ने बताया कि इन कैंपों का संचालन सीएमओ के निर्देशानुसार किया जा रहा है, ताकि ENT से पीड़ित मरीजों को समय पर जांच, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा सके। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि दूरदराज के मरीजों को जिला अस्पताल तक न जाना पड़े और उन्हें उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ सुविधाएं मिल सकें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







