मुख्य विकास अधिकारी ने भी आज देखी निर्माणाधीन फिश मंडी, कामकाज से खुश नजर नहीं आए साहब

सीडीओ ने किया फिश मंडी के कार्य का निरीक्षण
गुणवत्ता और तेजी से काम पूरा करने पर दिया जोर
जिले की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि और रोजगार के अवसरों में होगा विस्तार
चंदौली जिले के मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने आज जनपद चंदौली में निर्माणाधीन फिश मंडी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण स्थल का व्यापक अवलोकन करते हुए कार्य प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही तेजी से काम पूरा करने के लिए कहा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण एजेंसी और मत्स्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं किया जा सका है। बार-बार समय सीमा में विस्तार किया जा चुका है। इसलिए बाकी काम समय से पूरा करें और निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप, जनपद में मत्स्य कारोबार से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसका लाभ जल्द से जल्द देना है।

मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने यह भी कहा कि फिश मंडी के निर्माण से न केवल मत्स्य व्यापारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि और रोजगार के अवसरों का विस्तार संभव होगा।
जिले में देश की सबसे बड़ी स्टेट ऑफ आर्ट होलसेल फिश मार्केट का निर्माण हो रहा है। यहां 61.87 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा मॉडल मत्स्य मंडी बन रही है। इस मंडी के बनने से पूर्वांचल के मत्स्य पालन करने वालों की आय दोगुनी से भी ज़्यादा होगी। साथ ही 1500 से ज़्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
इस मंडी में मछली से सम्बंधित सभी कारोबार एक छत के नीचे होगा। यहां फिश रेस्टोरेंट, प्रशिक्षण के लिए कांफ्रेंस हॉल, प्रोसेसिंग यूनिट समेत कई तरह की सुविधाएं होंगी। स्टेट ऑफ आर्ट होलसेल फिश मार्केट का निर्माण लगभग 90 से 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसका निर्माण कार्य अगले एक-दो महीने में पूर्ण हो जाने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*