जिले के हाईवे पर अवैध कट होंगे बंद, बिना पार्किंग वाले ढाबों और होटलों पर गिरेगी गाज, जान लीजिए फरमान
चन्दौली कलेक्ट्रेट में एडीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बड़ी बैठक हुई। इसमें स्कूली वाहनों के शत-प्रतिशत फिटनेस सत्यापन और हाईवे पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद करने का सख्त आदेश दिया गया।
स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन
हाईवे के अवैध कट होंगे बंद
बिना पार्किंग वाले ढाबे होंगे सील
दुर्घटना रोकने को ब्लैक स्पॉट चिह्नित
चन्दौली जनपद में सड़क हादसों को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार 13 जुलाई 2026 को अपर जिलाधिकारी (ADM) राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जिले की सड़कों को सुरक्षित बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। एडीएम ने साफ कहा कि सड़कों पर सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

स्कूली वाहनों का होगा पूरा सत्यापन
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए परिवहन विभाग को बड़ा आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित होने वाले सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत फिटनेस सत्यापन कराया जाए।
सड़क पर केवल वही स्कूल वाहन चलेंगे जो पूरी तरह अनफिट नहीं होंगे और सुरक्षा मानकों को पूरा करेंगे। इसके साथ ही हाईवे किनारे खुले जिन होटल और ढाबों के पास अपनी पार्किंग की जगह नहीं है और गाड़ियां रोड पर खड़ी होती हैं, उन्हें चिह्नित कर बंद कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
बंद होंगे हाईवे के सभी अवैध कट
अपर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों (Highways) पर सुरक्षा के लिए काल बन रहे अवैध कटों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी अवैध कट बचे हैं, उन्हें तुरंत बंद किया जाए।
इस पर एनएचएआई के डेवलपमेंट मैनेजर ने बैठक में बताया कि ज्यादातर अवैध कटों को बंद कराया जा चुका है और जो थोड़े-बहुत रह गए हैं, उन्हें भी बहुत जल्द ही बंद करा दिया जाएगा। इसके साथ ही तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर भी प्रभावी रोक लगाने का आदेश दिया गया।
ब्लैक स्पॉट सुधारेगी प्रशासन की टीम
सड़कों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी 'ब्लैक स्पॉट' (जहाँ ज्यादा हादसे होते हैं) को चिह्नित किया जाए और वहां तत्काल सुधार कार्य शुरू किए जाएं। सड़कों पर चेतावनी बोर्ड और संकेतक लाइटें भी लगाई जाएं। इस महत्वपूर्ण बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) सर्वेश गौतम, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के तमाम बड़े अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








