चन्दौली पुलिस ने रचा कीर्तिमान: जिले के सभी 16 थानों को एक साथ मिला ISO सर्टिफिकेट
चन्दौली पुलिस ने पूरे देश में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। जिले के सभी 16 पुलिस थानों को एक साथ आईएसओ (ISO) प्रमाणपत्र मिला है। क्वालिटी और पारदर्शिता के मानकों पर चन्दौली पुलिस पूरे देश के लिए मिसाल बनी है।
देश में पहली बार किसी जिले के सभी थानों को मिला ISO सर्टिफिकेट
क्वालिटी और सर्विस मैनेजमेंट के कड़े मानकों पर खरे उतरे थाने
तत्कालीन एसपी आदित्य लांग्हे की विशेष पहल लाई रंग
वर्तमान एसपी आकाश पटेल भी आगे बढ़ा रहे सुधारों की मुहिम
लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में डीजीपी को सौंपे गए प्रमाण पत्र
चंदौली जिले की पुलिस ने एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जिसने पूरे देश के सामने एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा चन्दौली जिले के सभी 16 पुलिस थानों को एक साथ आईएसओ (ISO) प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। पूरे भारत के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी एक ही जिले के सभी के सभी पुलिस थानों को एक साथ यह उच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।
चन्दौली पुलिस को यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रमाणन मुख्य रूप से 'क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम' (गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली) और 'सर्विस क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम' (सेवा गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली) के कड़े मानकों को पूरा करने के बाद दिया गया है।
लखनऊ पुलिस मुख्यालय में DGP को सौंपा गया सर्टिफिकेट
इस ऐतिहासिक गौरव के पल को सेलिब्रेट करने के लिए लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान बीआईएस (BIS) की उप महानिदेशक स्नेहलता ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण को आधिकारिक रूप से ये सभी प्रमाणपत्र सौंपे।
इस बड़ी उपलब्धि को पुलिस सेवाओं में बेहतरीन गुणवत्ता, काम में पूरी पारदर्शिता, जनता के प्रति जवाबदेही, नागरिक संतुष्टि और किसी भी मामले में समयबद्ध सेवा वितरण की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। अब चन्दौली के थानों में आने वाले फरियादियों को बेहद व्यवस्थित माहौल मिलेगा।
तत्कालीन एसपी आदित्य लांग्हे की मेहनत लाई रंग
चन्दौली पुलिस को मिली इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की विशेष सोच, दूरदर्शिता और कड़ी मेहनत रही है। उनके कार्यकाल के दौरान जिले के सभी थानों में काम करने के तरीकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ढाला गया। थानों के रिकॉर्ड प्रबंधन को डिजिटल और बेहतर बनाया गया तथा थानों की आधारभूत सुविधाओं व साफ-सफाई को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया था।
तत्कालीन एसपी आदित्य लांग्हे की इसी मुहिम और जनता को बेहतर सेवाएं देने के नवाचारों का परिणाम आज सबके सामने है। वहीं, जिले के वर्तमान पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल भी इसी सुधारवादी दिशा में लगातार आगे कार्य कर रहे हैं। वह थानों की इन बेहतरीन व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत व अपडेट बनाने में जुटे हुए हैं। चन्दौली जिले की यह शानदार उपलब्धि आज न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के अन्य सभी जिलों के पुलिस महकमे के लिए एक महान मिसाल बन गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








