चंदौली में 'RTO वाले भैयाजी' गिरफ्तार: इंस्टाग्राम पर फर्जी ID बनाकर पैसे ऐंठने वाला शातिर चढ़ा चंदौली पुलिस के हत्थे
चंदौली पुलिस ने इंस्टाग्राम पर परिवहन विभाग के नाम से फर्जी आईडी "rtowale_bhaiyaji_up67" बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी आदित्य कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य काम कराने के नाम पर पैसे ऐंठता था।
परिवहन विभाग के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाला अरेस्ट
"rtowale_bhaiyaji_up67" नाम से बनाई थी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी
ड्राइविंग लाइसेंस और आरटीओ कार्यों के नाम पर ऑनलाइन ठगी
क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार ने दी गिरफ्तारी की जानकारी
चंदौली पुलिस ने जनता से की अधिकृत माध्यम चुनने की अपील
चंदौली जनपद की सदर कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर परिवहन विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहे एक शातिर ठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने युवाओं और सीधे-साधे लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए इंस्टाग्राम पर "rtowale_bhaiyaji_up67" नाम से एक फर्जी प्रोफाइल बना रखी थी। इसी आईडी के सहारे वह खुद को परिवहन विभाग का बड़ा जानकार या कर्मचारी बताकर लोगों को गुमराह करता था।

लाइसेंस बनवाने के नाम पर मांगता था ऑनलाइन पैसे
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर देवेंद्र कुमार ने इस पूरे डिजिटल फ्रॉड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से इस फर्जीवाड़े की भनक लगी थी। जिसके बाद थाना चंदौली में संबंधित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने पर पता चला कि इस फर्जी आईडी को आदित्य कुमार नाम का युवक चला रहा था। वह लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनवाने और गाड़ी के अन्य सरकारी काम चुटकियों में कराने का झांसा देकर ऑनलाइन पैसे ऐंठता था।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी आदित्य कुमार को धर दबोचा गया। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सभी जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की भी गहराई से पड़ताल कर रही है कि आदित्य ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों की चपत लगाई है और इस ठगी के नेटवर्क में उसके साथ कोई और भी शामिल है या नहीं।
सरकारी काम के लिए केवल अधिकृत माध्यम चुनें
इस बड़ी कामयाबी के बाद चंदौली पुलिस ने आम जनता को सचेत करते हुए एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सरकारी काम के लिए केवल और केवल सरकार के अधिकृत पोर्टल, विभागीय कार्यालय अथवा वेरीफाइड माध्यम का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अनाधिकृत आईडी या लुभावने वादों के बहकावे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई का ऑनलाइन भुगतान बिल्कुल न करें। यदि कोई भी व्यक्ति सरकारी विभाग के नाम पर पैसों की मांग करे तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








