ARTO विभाग के सिपाही को जेल भेजकर बोले ASP, सबूत मिले तो अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
चंदौली एआरटीओ कार्यालय में ट्रक संचालकों से महीने के हिसाब से जबरन वसूली करने वाले सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच में संलिप्तता पाए जाने पर बड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।
एआरटीओ विभाग के सिपाही दुर्गा प्रसाद गिरफ्तार
प्रति ट्रक 5000 रुपये महीने की अवैध वसूली
डीआईजी के निर्देश पर सदर पुलिस की कार्रवाई
भ्रष्टाचार की जांच की आंच बड़े अधिकारियों तक
ट्रक संचालक सुनील यादव ने दर्ज कराई थी शिकायत
चंदौली जनपद में एआरटीओ विभाग से जुड़े अवैध वसूली के मामले में एक सिपाही की गिरफ्तारी के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। सदर थाना पुलिस ने डीआईजी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए एआरटीओ कार्यालय में तैनात सिपाही दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में ट्रक संचालकों से अवैध रूप से पैसा वसूले जाने का आरोप लगाया गया था।
जानकारी के अनुसार ट्रक संचालक सुनील यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि एआरटीओ कार्यालय में तैनात कुछ लोग ट्रक मालिकों से जबरन वसूली कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया कि प्रति ट्रक 5000 रुपये महीने के हिसाब से पैसा लिया जा रहा था। ट्रक चालकों और मालिकों पर दबाव बनाकर उनसे रकम वसूली जाती थी। नहीं देने पर गाड़ी को सीज किया जाता था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
पीड़ित सुनील यादव के अनुसार यह अवैध वसूली लंबे समय से जारी थी और कई ट्रक संचालकों से नियमित रूप से पैसा लिया जा रहा था। आरोप है कि यह वसूली एआरटीओ अधिकारी डॉक्टर सर्वेश गौतम के निर्देश पर की जा रही थी। हालांकि इस आरोप की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो पाएगी।
मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद डीआईजी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी सिपाही दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी के बाद एआरटीओ विभाग में खलबली मच गई है। विभाग के कई कर्मचारियों में इस बात को लेकर चर्चा है कि जांच का दायरा बढ़ सकता है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








