बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज का गोपनीय तरीके से औचक निरीक्षण, 50 बिंदुओं पर परखी गईं स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
गाजीपुर और मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्यों की उच्चस्तरीय टीम ने बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। 50 बिंदुओं पर ओपीडी, ओटी और छात्रावास का जायजा लेकर गोपनीय रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
मेडिकल कॉलेज का शासन स्तरीय निरीक्षण
50 बिंदुओं पर परखी गई व्यवस्था
उच्चस्तरीय टीम ने लिया ओपीडी का जायजा
नौबतपुर शैक्षणिक परिसर का गहन निरीक्षण
चंदौली जिले के बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय का शुक्रवार को शासन द्वारा नामित दो सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल और शैक्षणिक परिसर की व्यवस्थाओं का करीब 50 बिंदुओं पर बारीक परीक्षण किया और अपनी गोपनीय रिपोर्ट शासन को भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
मरीजों से बातचीत कर जाना सुविधाओं का हाल
शासन के निर्देश पर गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा और मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह जांच के लिए चंदौली पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण करते हुए ओपीडी में आए मरीजों से सीधी बातचीत की। अधिकारियों ने मरीजों से मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया।
अस्पताल के मुख्य विभागों का लिया जायजा
जांच टीम ने सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर, वार्डों, दवा वितरण केंद्र, पेयजल और स्वच्छता का गहन अवलोकन किया। इसके साथ ही अस्पताल के अन्य महत्वपूर्ण विभागों की कार्यप्रणाली को देखा। टीम ने विभिन्न विभागाध्यक्षों और चिकित्सकों से संवाद कर उपलब्ध संसाधनों और विभागीय आवश्यकताओं की पूरी जानकारी जुटाई।
नौबतपुर स्थित शैक्षणिक परिसर का निरीक्षण
अस्पताल के बाद टीम नौबतपुर स्थित बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक परिसर पहुंची। वहां छात्रों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं और छात्रावास का जायजा लिया गया। प्राचार्यों की टीम ने प्रोफेसरों और विद्यार्थियों से बातचीत कर शिक्षा के स्तर और आधारभूत ढांचे की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
शासन को सौंपी जाएगी गोपनीय रिपोर्ट
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि यह जांच रिपोर्ट पूरी तरह गोपनीय है, जिसे सीधे शासन को सौंपा जाएगा। हालांकि, उन्होंने प्राथमिक तौर पर अस्पताल और शैक्षणिक परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को संतोषजनक बताया। पूर्व में मिली शिकायतों पर कॉलेज प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी टीम को दी गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







