किसान रजिस्ट्री में लापरवाही पर गिजी गाज, सीडीओ ने गांव के सेक्रेटरी के खिलाफ की कार्रवाई
चंदौली में किसान रजिस्ट्री कार्य में ढिलाई बरतने वाले कर्मचारियों पर सीडीओ ने सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान कार्य शून्य मिलने पर सचिव का वेतन रोक दिया गया है, जबकि कई अन्य को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
सीडीओ आर. जगत साई का औचक निरीक्षण
सचिव प्रमोद कुमार का वेतन रोका गया
मनोज सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी
नियामताबाद और बरहनी में मिली अनियमितता
किसान रजिस्ट्री लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश
चंदौली जनपद में किसान रजिस्ट्री के कार्यों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर. जगत साई ने गुरुवार, 5 मार्च 2026 को विभिन्न विकास खंडों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों में भारी लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नियामताबाद में शून्य कार्य पर गिरी गाज
निरीक्षण के क्रम में सीडीओ सबसे पहले विकास खंड नियामताबाद के ग्राम लौंदा पहुंचे। यहाँ किसान रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करने पर पाया गया कि आज का कार्य पूरी तरह शून्य रहा। इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सचिव प्रमोद कुमार का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मनोज सिंह को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी करते हुए कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी गई।
बरहनी और सदर ब्लॉक में सख्त हिदायत
विकास खंड बरहनी के नौबतपुर ग्राम पंचायत में भी स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। सीडीओ ने यहाँ के सचिव ब्रह्मानंद और पंचायत सहायक कुमारी रुचि को कड़ा निर्देश दिया कि शेष बची 55 किसान रजिस्ट्री का कार्य शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए। मौके पर उपस्थित सीएससी संचालकों को भी इस महत्वपूर्ण कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करने को कहा गया।
वहीं, सदर ब्लॉक के ग्राम वाजिदपुर में सचिव अजीत कुमार और पंचायत सहायक पूजा कुमारी फील्ड में घर-घर जाकर काम करते हुए मिले। हालांकि, सीडीओ ने उन्हें भी समयबद्धता का ध्यान रखने को कहा और शेष 48 रजिस्ट्री के लक्ष्य को कल तक हासिल करने का टास्क दिया।
लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रशासन मुस्तैद
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने स्पष्ट किया कि किसान रजिस्ट्री सरकार की प्राथमिकता वाला कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्रों में कार्यों की नियमित निगरानी करें ताकि किसानों का पंजीकरण समय पर सुनिश्चित हो सके
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








