चंदौली में जारी है विकास कार्यों में ढिलाई, CDO साहब लगा पाते हैं केवल अधिकारियों को कड़ी फटकार
चंदौली के विकास भवन में सीडीओ आर. जगत साईं ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी और 15 दिनों में सुधार अनिवार्य है।
ओडीएफ प्लस कार्यों की निराशाजनक प्रगति
गंगा किनारे पंचायतों में शत-प्रतिशत लक्ष्य
ग्रे-वाटर प्रबंधन और तालाबों की सफाई
पेयजल किल्लत दूर करने के कड़े निर्देश
पंचायत सहायकों के मानदेय का समयबद्ध भुगतान
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के मार्गदर्शन में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर. जगत साईं की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। इस दौरान सीडीओ ने समीक्षा करते हुए पाया कि कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रगति अत्यंत निराशाजनक है। आंकड़ों के खेल और सूचनाओं को छिपाने की प्रवृत्ति पर सीडीओ ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

ओडीएफ प्लस के साथ-साथ जियो टैगिंग पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने स्पष्ट किया कि माह के अंत तक सभी अधूरे कार्यों को पूर्ण कर उनकी जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि गंगा किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में ओडीएफ प्लस के कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कर उनका संचालन शुरू किया जाए। व्यक्तिगत शौचालय वितरण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया है।
पेयजल संकट दूर करने के लिए ग्रे-वाटर प्रबंधन
भीषण गर्मी को देखते हुए सीडीओ ने जनपदवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों की जवाबदेही तय की। जिला पंचायती राज अधिकारी (DPRO) और सभी खंड विकास अधिकारियों (BDO) को निर्देश दिए गए कि जहां जल स्तर गिरने से हैंडपंप खराब हुए हैं, वहां बोरवेल और टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जाए। साथ ही, ग्रे-वाटर प्रबंधन अभियान के तहत तालाबों की सफाई और पानी को चेंबर के माध्यम से तालाबों में गिराने की व्यवस्था करने को कहा गया। पशु-पक्षियों के लिए भी जलाशयों में पानी भरने के निर्देश दिए गए।
पंचायत सहायकों का मानदेय को लेकर आ रही समस्या
सीडीओ ने सभी ग्राम सचिवालयों में वाई-फाई सुविधा सुनिश्चित करने और पंचायत सहायकों के मानदेय का समय से भुगतान करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अंत में चेतावनी दी कि अगले 15 दिनों में सभी बिंदुओं पर प्रगति दिखाई देनी चाहिए। बैठक में पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, डीडीओ सपना अवस्थी, डीपीआरओ नीरज सिन्हा सहित समस्त खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








