CDO आर जगत साईं का सख्त रुख: चहनिया BDO को दी चेतावनी, लापरवाही पर कई सचिवों का वेतन रोका
सीडीओ आर जगत साईं का सख्त रुख
चहनिया बीडीओ को कड़ी प्रशासनिक चेतावनी
दानापुर, चकिया, शहाबगंज सचिवों का वेतन रोका
केयरटेकरों के समय पर भुगतान के निर्देश
सामुदायिक शौचालयों के संचालन पर कड़ाई
चंदौली के विकास भवन सभागार में आज को जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशों के अनुपालन में यह बैठक मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर जगत साईं की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कार्यशैली में ढिलाई पर चहनिया बीडीओ को कड़ी चेतावनी
समीक्षा बैठक के दौरान विकास कार्यों में लापरवाही और शिथिलता सामने आने पर सीडीओ आर जगत साईं ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। विशेष रूप से चहनिया बीडीओ की सुस्त कार्यशैली पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए सीडीओ ने उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी और कहा कि कार्य में सुधार न होने पर कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया जाएगा।
केयरटेकरों का वेतन लंबित रखने पर सचिवों का वेतन रोका
बैठक में सीडीओ ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और आरआरसी (RRC) संचालन की समीक्षा की। इस दौरान जब उन्हें जानकारी मिली कि विकास खंड धानापुर, चकिया और शहाबगंज में सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों का वेतन लंबे समय से लंबित है, तो वे बेहद नाराज हुए। उन्होंने कड़ी कार्रवाई करते हुए इन ब्लॉकों के संबंधित सचिवों का वेतन तब तक रोकने का निर्देश दिया, जब तक कि केयरटेकरों का शत-प्रतिशत भुगतान नहीं हो जाता।
सामुदायिक शौचालयों के संचालन को लेकर सख्त निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने जिले में बंद या असक्रिय पड़े सामुदायिक शौचालयों को तत्काल सक्रिय करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि सभी सामुदायिक शौचालयों की दीवारों पर उनके खुलने और बंद होने का समय अनिवार्य रूप से अंकित कराया जाए। इसके साथ ही समय पर शौचालय खोलने और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
समय पर उपस्थिति और ODF मॉडल ग्राम रिपोर्ट अपलोड करने के आदेश
सीडीओ आर जगत साईं ने सभी पंचायत सचिवों को अपने रोस्टर के अनुसार निर्धारित स्थानों पर सुबह 10:00 बजे उपस्थित रहकर कार्य संपादित करने की ताकीद की। इसके अलावा, उन्होंने सभी एडीओ पंचायत को ओडीएफ (ODF) मॉडल ग्रामों के द्वितीय सत्यापन की शत-प्रतिशत रिपोर्ट पोर्टल पर जल्द से जल्द अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक में डीसी नरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त बीडीओ और एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







