Census 2027 Update: चंदौली में डिजिटल जनगणना की तैयारी शुरू, मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए होगा सर्वे
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने 'जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति' की पहली बैठक में जनगणना-2027 की रूपरेखा तैयार की। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी, जिसका पहला चरण 22 मई 2026 से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा।
पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना 2027
मोबाइल ऐप और पोर्टल का होगा इस्तेमाल
22 मई से शुरू होगा प्रथम चरण का कार्य
मास्टर और फील्ड ट्रेनर्स का बनेगा डेटाबेस
समय-सीमा के भीतर सर्वे पूरा करने के निर्देश
चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 'जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति' की प्रथम बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी (प्रमुख जनगणना अधिकारी) ने आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों का खाका पेश किया। उन्होंने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि इस बार की जनगणना ऐतिहासिक होगी, क्योंकि यह पूरी तरह से मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएगी। इस डिजिटल बदलाव का उद्देश्य आंकड़ों को सटीक, त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाना है।
22 मई से शुरू होगा प्रथम चरण का अभियान
जिलाधिकारी ने बैठक में समय-सीमा निर्धारित करते हुए निर्देशित किया कि जनगणना के प्रथम चरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 के मध्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य के लिए तैनात किए जाने वाले मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) की सूची अनिवार्य रूप से पहले से ही डिजिटल फॉर्मेट में तैयार कर ली जाए। इससे CMMS पोर्टल पर डेटाबेस अपलोड करने की प्रक्रिया त्वरित और सुगम हो सकेगी।
तकनीक के उपयोग हेतु अधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग
समिति की बैठक के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधियों ने उपस्थित अधिकारियों को जनगणना-2027 के विभिन्न तकनीकी पहलुओं और पोर्टल के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को तकनीक के उपयोग हेतु सजग रहने और किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रव्यापी महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उपस्थित रहे ये वरिष्ठ अधिकारी
समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार (वित्त/राजस्व), जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (NIC), जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर जिला सूचना अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे। प्रशासन अब फील्ड स्तर पर ट्रेनिंग और डेटा संकलन की तैयारियों में जुट गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







