जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली सिविल बार चुनाव: डॉ. बिरेंद्र प्रताप सिंह बने नए अध्यक्ष, आशुतोष मिश्रा महामंत्री और क्रांति भूषण बने उपाध्यक्ष।

चंदौली सिविल बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। डॉ. बिरेंद्र प्रताप सिंह ने भारी मतों से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। वहीं, महामंत्री पद पर आशुतोष मिश्रा और उपाध्यक्ष पद पर क्रांति भूषण सिंह विजयी घोषित किए गए हैं।

 
 

डॉ. बिरेंद्र प्रताप सिंह को मिले 1141 वोट

आशुतोष कुमार मिश्रा बने नए महामंत्री

क्रांति भूषण सिंह कनिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित

मनोज कुमार सिंह को 729 वोटों पर रोका

दिग्गजों के समर्थन से मिली ऐतिहासिक जीत

चंदौली जनपद के अधिवक्ताओं की प्रतिष्ठित संस्था 'सिविल बार एसोसिएशन' के वार्षिक चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। मतगणना के बाद आए नतीजों ने इस बार सबको चौंका दिया है। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में डॉ. बिरेंद्र प्रताप सिंह ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मनोज कुमार सिंह को भारी अंतर से पराजित किया।

                          Image

अध्यक्ष पद पर बिरेंद्र प्रताप सिंह की एकतरफा जीत
मतगणना के आंकड़ों के अनुसार, बिरेंद्र प्रताप सिंह को कुल 1141 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंदी मनोज कुमार सिंह केवल 729 वोट ही हासिल कर सके। तीसरे प्रत्याशी सुरेंद्र प्रताप सिंह को मात्र 90 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। डॉ. बिरेंद्र की इस जीत को उनकी वर्षों की तपस्या और सहानुभूति की लहर से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले कई चुनावों में मिली असफलता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी, जिसका फल उन्हें इस बार बार के दिग्गजों और युवा अधिवक्ताओं के खुले समर्थन के रूप में मिला।

महामंत्री और उपाध्यक्ष पद के नतीजे
अध्यक्ष पद के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी परिणाम काफी रोचक रहे। महामंत्री पद पर आशुतोष कुमार मिश्रा ने बाजी मारी। उन्हें कुल 742 वोट मिले, जबकि सत्य प्रकाश को 449, अरुण मिश्रा को 418 और संदीप कुमार यादव को 369 मतों से संतोष करना पड़ा।

वहीं, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर क्रांति भूषण सिंह विजेता घोषित किए गए। क्रांति भूषण को 999 वोट मिले, जिन्होंने अपने प्रतिद्वंदी अनिल मौर्य (839 वोट) और अनिल कुमार (818 वोट) को कड़े संघर्ष में मात दी।


मतगणना के बाद जारी किए गए परिणामों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर लव कुश कुमार पटेल को निर्वाचित घोषित किया गया।  उपाध्यक्ष पद पर अमित कुमार त्रिपाठी और चंदन कुमार सिंह निर्वाचित घोषित किए हैं। संयुक्त मंत्री के तीन पदों पर अजय कुमार, इमरान और शरद चंद्र यादव को विजेता घोषित किया गया है। वहीं कोषाध्यक्ष के पद पर समीर आलम फारूकी निर्वाचित घोषित किए गए हैं। कार्यकारिणी के सदस्यों में रामसेवक प्रसाद सोनकर, चंद्रपति, भूपेंद्र कुमार सिंह, शंभू नाथ, राज नारायण विश्वकर्मा, विजय शंकर और नुरैन खान को चुना गया है।


निर्वाचन समिति ने दी बधाई
चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा के बाद चुनाव संचालन समिति ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा और उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की बधाई दी। कोर्ट परिसर में समर्थकों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। अधिवक्ताओं का मानना है कि डॉ. बिरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बार एसोसिएशन नई ऊंचाइयों को छुएगा और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा होगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*