चंदौली स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल: CMO ने खुद सिखाया आग बुझाना, मॉक ड्रिल से परखी स्वास्थ्य कर्मियों की मुस्तैदी
चंदौली के सदर ब्लॉक में सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा की अगुवाई में स्वास्थ्य कर्मियों को अग्निशमन यंत्र चलाने की ट्रेनिंग दी गई। मॉक ड्रिल के जरिए कर्मचारियों को सिखाया गया कि आग लगने पर मरीजों की जान कैसे बचाएं।
सीएमओ ने दिया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण
अस्पतालों में आग से निपटने की तैयारी
शॉर्ट सर्किट की घटनाओं पर अलर्ट
पीएचसी और सीएचसी पर मॉक ड्रिल
आपदा प्रबंधन के लिए व्यावहारिक ट्रेनिंग
चंदौली जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परितोष मिश्रा ने स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर एक बड़ी पहल की है। सदर ब्लॉक परिसर में आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) चलाने की पूरी जानकारी दी गई। इस मौके पर बाकायदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, ताकि कर्मचारी आपातकालीन स्थितियों से बिना डरे निपट सकें।

बड़ी दुर्घटनाओं को टालना है मकसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा ने कहा कि हर एक स्वास्थ्य कर्मी को अग्निशमन यंत्र चलाने का सही ज्ञान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अस्पतालों में कभी भी आपातकालीन परिस्थितियां आ सकती हैं। ऐसे में अगर सही समय पर अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर लिया जाए, तो किसी भी बड़ी दुर्घटना और जान-माल के नुकसान को आसानी से टाला जा सकता है।
जिले के सभी अस्पतालों में होगी ट्रेनिंग
डॉ. मिश्रा ने बताया कि आग से सुरक्षा के इस अभियान की शुरुआत अभी सदर ब्लॉक से की गई है। इसके साथ ही जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) के प्रभारियों को भी कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी केंद्र प्रभारियों को अपने-अपने अस्पतालों में इसी तरह के मॉक ड्रिल का आयोजन करके सभी छोटे-बड़े कर्मचारियों को ट्रेंड करना होगा।
गर्मी में शॉर्ट सर्किट के खतरों से बचाव
सीएमओ ने कहा कि इस कड़कड़ाती गर्मी के मौसम में बिजली का लोड बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, जिसकी वजह से शॉर्ट सर्किट होने और आग लगने की आशंका हमेशा बनी रहती है। ऐसी किसी भी गंभीर परिस्थिति से मजबूती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता और व्यावहारिक ट्रेनिंग कार्यक्रम चला रहा है। सभी सेंटर्स से इसकी नियमित रिपोर्ट भी ली जा रही है ताकि आपदा के समय हर कर्मचारी मुस्तैद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








