किसान दिवस में शिकायत को सुनकर भड़के जिलाधिकारी, बंधी डिवीजन के AE पर उतारा गुस्सा
चंदौली में आयोजित किसान दिवस पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों की हीलाहवाली पर कड़ा रुख अपनाया। बंधी डिवीजन के एई को फटकार लगाते हुए उन्होंने नहर सफाई, बिजली और जल निगम से जुड़े मुद्दों को तुरंत हल करने के निर्देश दिए।
चंदौली किसान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी
लापरवाही पर बंधी एई को कड़ी फटकार
कटसिला से जमुनीपुर माइनर सफाई निर्देश
बिजली पानी और नहर रेनोवेशन पर एक्शन
चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में 'किसान दिवस' का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सुनवाई के दौरान शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने पर जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया और उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास ली।

लापरवाही पर एई को लगी कड़ी फटकार
बैठक के दौरान बंधी डिवीजन के सहायक अभियंता (AE) द्वारा अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही बरतने की बात सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए एई को सबके सामने जमकर फटकार लगाई। डीएम ने चेतावनी दी कि किसान परेशान घूम रहे हैं और उनकी समस्याओं को समय पर हल करना सभी अफसरों की पहली प्राथमिकता है। काम में किसी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
माइनर की तत्काल सफाई कराने के दिए आदेश
किसान दिवस में मौजूद किसानों ने कटसिला से लेकर जमुनीपुर माइनर की सफाई न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों की शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाकर माइनर की बेहतर साफ-सफाई कराने और आवश्यक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए।
बिजली, पानी और ड्रेन सफाई पर बनेगी ठोस रणनीति
बैठक में किसानों ने बिजली की निर्बाध आपूर्ति, लो-वोल्टेज की समस्या, जल निगम से जुड़ी पेयजल योजनाएं, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के नालों/ड्रेनों की सफाई और पुरानी नहरों के जीर्णोद्धार (रेनोवेशन) का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपस में तालमेल बनाकर एक बेहतर कार्ययोजना तैयार करने को कहा ताकि किसानों को सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
मरुई गांव में अवैध कब्जेदारों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सुनवाई के दौरान मरुई गांव में गढ़ई (पोखरे) के कुछ हिस्से को पाटकर अवैध कब्जा करने का मामला भी सामने आया। डीएम को जानकारी मिली कि इस मामले में कुछ लोगों पर कार्रवाई हुई है। इस पर उन्होंने जांच कर कब्जेदारी में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मिला समाधान का आश्वासन
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह और अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा सहित बिजली, सिंचाई व कृषि विभाग के बड़े अफसर मौजूद रहे। डीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का तय समय में समाधान होगा और लापरवाही करने वाले अफसरों पर शिकंजा कसा रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







