जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

इसलिए मीटिंग में नाराज हुए DM चंद्र मोहन गर्ग, जिले के 3 अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई का फरमान

चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विकास कार्यों और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। बैठक में अनुपस्थित रहने और खराब प्रदर्शन करने पर तीन बिजली विभाग के अधिशासी अभियंताओं (XEN) का वेतन रोकते हुए उन्हें नोटिस जारी किया गया है। साथ ही जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड और निर्माण कार्यों की समीक्षा

फैमिली आईडी और पेंशन योजनाओं में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में 'जीरो टॉलरेंस' नीति

समय से दफ्तर न बैठने वाले अधिकारियों पर होगी रैंडम चेकिंग

बिजली विभाग के तीन अधिकारियों पर गिरी गाज, वेतन रोकने के आदेश

चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना अनिवार्य है।

Image Chandauli DM Chandra Mohan Garg meeting, CM Dashboar

योजनाओं में तेजी और गुणवत्ता के निर्देश
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प, उज्ज्वला योजना और वृद्धावस्था व विधवा पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि फैमिली आईडी निर्माण में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी लाई जाए।
साथ ही साथ पेंशन से संबंधित कोई भी मामला लंबित न रहे। इसके अलावा जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए ताकि उनकी उपयोगिता शुरू हो सके।

 Chandauli DM Chandra Mohan Garg meeting, CM Dashboard review

आईजीआरएस: "जनता की सुनवाई में कोताही बर्दाश्त नहीं"
जन शिकायतों के निस्तारण (IGRS) पर जिलाधिकारी ने सख्त तेवर अपनाए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में उपस्थित रहें और जनता की समस्याएं सुनें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर जगत साईं को प्रतिदिन किन्हीं पांच अधिकारियों की उपस्थिति चेक करने की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही चेतावनी दी कि वे स्वयं रैंडमली किसी भी शिकायतकर्ता को फोन कर फीडबैक लेंगे।

लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: तीन एक्सियन का वेतन रोका
बैठक में प्रदर्शन और अनुशासन को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई की और कहा कि ऐसे अफसरों पर अब और सख्त कार्रवाई होगी। 
एक्सियन विद्युत (सदर) के खिलाफ  खराब प्रदर्शन मिलने पर कड़ी फटकार लगाते हुए वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही साथ एक्सियन विद्युत (सकलडीहा) व पी.डी.डी.यू नगर के बिना किसी पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने पर इन दोनों अधिकारियों का भी वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया।


समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अंत में सभी को निर्देशित किया कि अगली बैठक में सभी अधिकारी अपने आईजीआरएस रजिस्टर के साथ उपस्थित होंगे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*