50 लाख से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा, नहीं दिख रही है अधिकारियों पर DM की हनक
चंदौली में ट्रॉमा सेंटर सहित महत्वपूर्ण परियोजनाएं लेट
मीटिंग में डीएम की नाराजगी से अफसरों पर नहीं पड़ता कोई फर्क
केवल हर बार देते हैं गुणवत्ता और समय सीमा पर अपना जोर
कार्यदायी एजेंसी व ठेकेदारों के बहाने के आगे डीएम साहब बेबस
चंदौली जिले में आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी (DM) चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में ₹50 लाख से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की प्रगति संबंधी महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता उत्तम रहनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से इस बात की पुष्टि करने के लिए कहा है कि निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करते हुए ही किए जाएं।
डीएम ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी परियोजना में शिथिलता, मानक विहीन कार्य, या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
लेटलतीफी पर कार्यदायी संस्थाओं को फटकार
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समय सीमा का पालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। जिले में मॉडल स्कूल निर्माण को लेकर नाराज हुए। मॉडल स्कूल पचकेडिया गढ़वा, नौगढ़ के निर्माण कार्य में लेटलतीफी बरतने पर कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, वाराणसी को कड़ी फटकार लगाई गई और कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही साथ अन्य परियोजनाओं जैसे काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय चकिया के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
ट्रॉमा सेंटर और सेतु निर्माण पर विशेष फोकस
डीएम ने दो प्रमुख परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए:
- ट्रॉमा सेंटर का हैंडओवर में हो रही देरी : जनपद में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का बचा हुआ निर्माण कार्य पूर्ण करके हैंडओवर करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस सेंटर का उपयोग जनता के लिए सुनिश्चित किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए आवश्यक स्टाफ, उपकरणों और अन्य जरूरतों के बारे में जानकारी दी है।
- पुल-पुलियों की मरम्मत का काम: नहरों पर क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों के काम को मानक के अनुसार पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसानों को गेहूं की सिंचाई में कोई समस्या न उत्पन्न हो।
- पर्यटन विकास के काम: बाबा कीनाराम अघोरपीठ मठ में समेकित पर्यटन विकास एवं मल्टी परपज परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को ऊपरगामी सेतु निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे पूर्ण करने को कहा गया।
बजट और पूर्ण परियोजनाओं के हस्तांतरण के निर्देश
जिलाधिकारी गर्ग ने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए वित्तीय और प्रशासनिक कदम उठाने के निर्देश दिए:
- राशि प्राप्त परियोजनाएँ: जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उन्हें निश्चित समयावधि में हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।
- बजट प्रस्ताव में देरी : जिन कार्यों को पूरा कराने में बजट की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तुरंत शासन को भेजे जाएं ताकि कार्य में कोई बाधा न आए और परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।
- शीघ्र हैंडओवर करने में आनाकानी : जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें संबंधित विभाग को शीघ्र हैंडओवर कर दिया जाए।
- निगरानी के लिए कसी नकेल : जनपद स्तरीय अधिकारियों को कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्य की गुणवत्ता समय-समय पर जांच करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी राजेश कुमार, उप निदेशक कृषि भीम सेन, अधिशासी अभियंता जल निगम, पर्यटन अधिकारी सहित कार्यदाई संस्था के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







