जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

DM साहब की एक और 'बंदघुड़की', परियोजनाओं को समय से पूरा करने में फेल हैं ठेकेदार और अफसर

चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने 50 लाख से अधिक की निर्माणाधीन परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और देरी करने वाली संस्थाओं पर कार्रवाई की जाएगी।

 
 

50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा

गुणवत्ता से समझौता न करने के कड़े निर्देश

ढिलाई बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी

कर्मनाशा-सैयदराजा ओवरब्रिज काम में तेजी के निर्देश

सीएमआईएस पोर्टल पर समय से रिपोर्ट अपडेट करने का आदेश

चंदौली जिले में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने और शासन की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में 50 लाख रुपये या उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इसमें प्रोजेक्ट अलंकार, आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण, जल जीवन मिशन, त्वरित पूर्वांचल निधि, विधायक निधि (मैप एमएलए), क्रिटिकल गैप्स योजना और सीएमआईएस (CMIS) पोर्टल पर दर्ज कार्यों का एक-एक कर ब्योरा लिया गया।

chandauli-dm-review-meeting-development-projects-2026

काम समय से पूरा करें, गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं से प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। उन्होंने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि जितने भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर ही पूरा किया जाए। डीएम ने साफ कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो काम अपने अंतिम चरण में हैं, उन्हें तुरंत पूरा करके संबंधित विभाग को सौंप दिया जाए ताकि जनता को उनका सीधा लाभ मिलना शुरू हो सके।

chandauli-dm-review-meeting-development-projects-2026

धीमी प्रगति वाली संस्थाओं को डीएम ने दी सख्त चेतावनी
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में धीमी चाल देखने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कर्मनाशा-सैयदराजा ऊपरगामी सेतु और डीएफसीसी द्वारा बनाए जा रहे ओवरब्रिज निर्माण में संतोषजनक काम न दिखने पर संस्थाओं को चेतावनी जारी की गई। साथ ही क्षय चिकित्सालय भवन के निर्माण में शिथिलता और चकिया स्थित काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के निर्माण में हो रही लेट-लतीफी पर भी कार्यदायी संस्था को सख्त हिदायत दी गई।

नर्सिंग कॉलेज और कस्तूरबा गांधी विद्यालय पर विशेष निर्देश
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को जिले में डीएफसीसी ऊपरगामी सेतुओं का निर्माण तय समय और तय मानकों के अनुरूप पूरा करने का आदेश दिया गया। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धानापुर के काम में कम प्रगति और लापरवाही पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ काम जल्द पूरा करने को कहा।

समय सीमा का पालन न करने पर होगी सीधी दंडात्मक कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और संस्थाओं को निर्देश दिया कि यदि किसी प्रोजेक्ट में कोई समस्या आती है, तो उसकी तुरंत सूचना दें ताकि उसका समाधान निकाला जा सके। उन्होंने चेताया कि अकारण देरी करने वाली कार्यदायी संस्थाओं, संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

बैठक के अंत में उन्होंने अफसरों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और सीएमआईएस पोर्टल पर रोजाना रिपोर्ट अपडेट करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*