जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सड़क सुरक्षा पर कलेक्ट्रेट में मंथन: अवैध कट होंगे बंद और बनेंगे फुट ब्रिज, नियमों के उल्लंघन पर होगी जेल

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए 'नो हेलमेट, नो पेट्रोल' नीति लागू करने और स्कूलों में अनफिट वाहनों को तत्काल सीज करने के निर्देश दिए हैं।

 
 

बिना हेलमेट पेट्रोल पर पाबंदी

अवैध रोड कट होंगे बंद

ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य

अनफिट स्कूली वाहनों पर कार्रवाई

रिंग रोड पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था

चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में  कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की सुरक्षा कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानवीय जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्लैक स्पॉट पर और ध्यान देने की जरुरत
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में चिन्हित 'ब्लैक स्पॉट' और 'हॉट स्पॉट' पर तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां पैदल यात्री अधिक संख्या में सड़क पार करते हैं, वहां भविष्य की अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए फुट ओवर ब्रिज (Foot Bridge) का निर्माण किया जाए। साथ ही, सड़कों पर मौजूद सभी अवैध कटों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए।

'नो हेलमेट, नो पेट्रोल' नीति का कैसे हो पालन
सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए कहा कि जनपद के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन स्वामियों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीघ्र ही सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की जाए और उन्हें सीसीटीवी के माध्यम से इसकी सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए जाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और सीजिंग की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया।

स्कूली वाहनों की फिटनेस और ओवरलोडिंग पर चर्चा
बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए डीएम ने कहा कि स्कूलों में संचालित होने वाले वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए। यदि कोई वाहन मानकों को पूरा नहीं करता है, तो उसे तत्काल सीज किया जाए। इसके अलावा, गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

रिंग रोड पर रोशनी और विभागीय समन्वय की जरुरत
बैठक में रिंग रोड पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की समीक्षा भी की गई, जिस पर कार्यदायी संस्था ने अवगत कराया कि पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित कर दी गई है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत और साइन बोर्ड लगाने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय और अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*