जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

फार्मर रजिस्ट्री पर फोकस : आज कठौरी गांव के लगा कैंप, 11 मार्च को लौंदा गांव में जाएगी टीम

चंदौली के पीडीडीयू नगर में फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष कैंपों का आयोजन हो रहा है। कठौरी में 40% पंजीकरण के बाद, अब 11 मार्च को लौदा गांव में कैंप लगेगा। किसान जल्द अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।

 
 

फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष कैंप

कठौरी गांव में 40 प्रतिशत पंजीकरण

11 मार्च को लौदा में शिविर

पीडीडीयू नगर तहसील में अभियान तेज

शत-प्रतिशत पंजीकरण का प्रशासन का लक्ष्य

चंदौली जनपद में किसानों को सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ दिलाने के लिए 'फार्मर रजिस्ट्री' की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पीडीडीयू नगर तहसील अंतर्गत कठौरी गांव में प्रशासन द्वारा विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर तहसील अंतर्गत कठौरी गांव में फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री के लिए पंजीकरण कराया।

आपको बता दें कि 9 मार्च को प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पीडीडीयू नगर तहसील के कई गांवों में अभी भी किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित हैं। आंकड़ों के मुताबिक कठौरी गांव में 182 किसान, लौंदा गांव में 254 किसान, गंजख्वाजा गांव में 165 किसान, नियमताबाद गांव में 239 किसान तथा रेऊसां गांव में 225 किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। इन सभी किसानों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने संबंधित गांवों में तिथि निर्धारित कर कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 मार्च को कठौरी गांव, 11 मार्च को लौंदा गांव, 12 मार्च को गंजख्वाजा गांव, 13 मार्च को नियमताबाद गांव तथा 14 मार्च को रेऊसां गांव में फार्मर रजिस्ट्री कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में मंगलवार को कठौरी गांव में पहला कैंप लगाया गया, जहां किसानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कैंप के दौरान एसडीएम अनुपम मिश्रा की मौजूदगी में किसानों का पंजीकरण कराया गया। इस संबंध में एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि कठौरी गांव के 182 किसानों में से लगभग 40 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कुछ किसानों का पता अन्य स्थान का दर्ज है, जबकि कुछ मामलों में खतौनी में नाम का मिलान नहीं हो रहा है, जिसके कारण पंजीकरण में दिक्कत आ रही है।

एसडीएम ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सभी किसानों के लिए जरूरी है। इसके बिना किसान कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाएंगे। जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं होगी, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित रह सकते हैं। इसलिए सभी किसान समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने कहा कि 11 मार्च को लौदा गांव में फॉर्म रजिस्ट्री का कैंप लगेगा जिसमें किसान पंजीकरण कर ले।

इस मौके पर पीडीडीयू नगर तहसीलदार राहुल सिंह, बीडीओ रूबेन शर्मा, जॉइंट बीडीओ शरद शुक्ला, सेक्रेटरी प्रमोद कुमार तथा लेखपाल विशाल गौतम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*