जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में कारतूसों की हेराफेरी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: 4 गन हाउस और 2 लाइसेंस धारकों पर FIR, 128 असलहों के लाइसेंस होंगे सस्पेंड।

चंदौली सहित वाराणसी परिक्षेत्र में शस्त्र दुकानों की जांच में कारतूसों की हेराफेरी का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। चंदौली पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले 4 गन हाउस संचालकों और 2 लाइसेंस धारकों पर आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। वहीं, 128 शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी है।

 
 

डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देश पर 17 टीमों ने की शस्त्र दुकानों की सघन जांच

वर्ष 2024 से 20 जनवरी 2026 तक बेचे गए कारतूसों का खंगाला गया रिकॉर्ड

बिना रिन्यूअल चल रहे चंदौली के 4 गन हाउस संचालकों पर दर्ज हुआ मुकदमा

तय सीमा से अधिक कारतूस खरीदने वाले 2 लाइसेंस धारकों पर आर्म्स एक्ट में FIR

128 लाइसेंस धारकों पर निलंबन/निरस्तीकरण की तलवार, 25 पर फायरिंग का एक्शन

चंदौली जनपद सहित पूरे वाराणसी परिक्षेत्र में शस्त्र दुकानों (Gun Houses) के संचालन और कारतूसों की बिक्री में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देश पर गठित 17 टीमों ने चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर जिलों में संचालित गन हाउस का औचक सत्यापन किया। जांच में एसडीएम और क्षेत्राधिकारी (CO) की संयुक्त टीम ने वर्ष 2024 से 20 जनवरी 2026 तक बेचे गए कारतूसों का रिकॉर्ड खंगाला। इस दौरान नियमों की खुलेआम अनदेखी उजागर हुई, जिसके बाद पुलिस ने सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया है।

इन 4 गन हाउस पर गिरी गाज, 2021 से नहीं हुआ था रिन्यूअल
जांच में पुष्टि हुई कि कई गन हाउस बिना लाइसेंस नवीनीकरण (Renewal) के ही धड़ल्ले से चल रहे थे और अप्रमाणित व्यक्तियों को भी कारतूस बेच रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदौली के 4 गन हाउस संचालकों पर मुकदमा दर्ज किया है:

  • जीएस गन हाउस (मुगलसराय)
  • मालती गन हाउस (मुगलसराय)
  • वीर गन हाउस (चंदौली)

चंदौली गन हाउस इन दुकानों के रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि इनका वर्ष 2021 के बाद से लाइसेंस नवीनीकरण ही नहीं कराया गया था।

तय सीमा से अधिक कारतूस खरीदने वाले 2 धारकों पर FIR
पुलिस ने कारतूस की हेराफेरी में शामिल दो शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी 'आर्म्स एक्ट' के तहत मुकदमा दर्ज किया है:

मोहम्मद कल्लू (बड़ागांव, शहाबगंज): इन्होंने 12 बोर शस्त्र के लिए बेहद कम समय में जीएस गन हाउस से 160 कारतूस खरीद लिए।

मुकुंद रावत (चैनपुर, भभुआ, बिहार): जांच में इस व्यक्ति द्वारा एक ही वर्ष में 399 कारतूस खरीदने की चौंकाने वाली पुष्टि हुई है।

128 लाइसेंस होंगे सस्पेंड, 'अपराध की ओर है इशारा'
इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य लांग्हे ने स्पष्ट किया कि कारतूस की इतनी बड़ी हेराफेरी कहीं न कहीं सीधे तौर पर अपराध की ओर संकेत करती है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने जांच में कुल 128 ऐसे शस्त्र लाइसेंस धारकों को चिन्हित किया है, जिन्होंने अनुचित तरीके से कारतूसों का उपयोग किया। इनके लाइसेंस निलंबन (Suspend) और निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त, बिना अनुमति परीक्षण फायरिंग (हर्ष फायरिंग) करने वाले 25 अन्य लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के शस्त्र कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*