जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पास लेने के चक्कर में स्कॉर्पियो से टकराकर पलटी लाश लेकर जाने वाली एंबुलेंस, दो लोग हो गए घायल

सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर कंजेहरा के पास ओवरटेक करने के चक्कर में एक शव लेकर जाने वाली एंबुलेंस स्कॉर्पियो से टकराकर पलट गयी। हादसे में चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकालकर इलाज कराया।

 
 

सैयदराजा जमानियां मार्ग पर कंजेहरा के पास हादसा

ओवरटेक करने के चक्कर में पलटा शव वाहन

पटना से शव पहुंचाकर मुंबई लौट रहे थे चालक

हादसे में घायल चालक और साथी का प्राथमिक उपचार

कंदवा क्षेत्र के अंतर्गत सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर मंगलवार को कंजेहरा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ आगे चल रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी से साइड लेने के प्रयास में एक तेज रफ्तार लाश लेकर जाने वाली एंबुलेंस अनियंत्रित होकर उससे जा टकरायी और सड़क पर पलट गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़ पड़े।

वाहन से निकालकर घायलों का कराया गया इलाज

हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और शव वाहन में फंसे चालक व उसके सहयोगी को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि शव वाहन में प्राथमिक चिकित्सा किट मौजूद थी, जिसकी मदद से पुलिस ने मौके पर ही दोनों घायलों का प्रारंभिक उपचार कराया।

पटना से शव पहुंचाकर मुंबई लौट रहे थे चालक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शव वाहन चालक मोहम्मद कसीम अपने सहयोगी असलम के साथ पटना में शव पहुंचाकर लौट रहा था। वे दोनों सैयदराजा-जमानियां मार्ग होते हुए मुंबई की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन कंजेहरा गांव के पास पहुंचा, आगे चल रही स्कॉर्पियो से पास लेने की कोशिश में यह हादसा हो गया।

स्कॉर्पियो सवार सुरक्षित, गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो चालक जमानियां निवासी रुद्रेश सिंह और उसमें सवार दो अन्य लोग पूरी तरह बाल-बाल बच गए। हालांकि, जोरदार टक्कर के कारण स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात सुचारु कराया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*