जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली और वाराणसी समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: सचेत ऐप से चेतावनी जारी, गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 28 से अधिक जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल के चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर समेत 13 जिलों में अगले 3 घंटों के भीतर तीव्र बारिश की चेतावनी दी गई है।

 

यूपी के 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

चंदौली और आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट

अगले 48 घंटे जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

बिजली और गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें

सचेत ऐप से मौसम विभाग ने दी चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल एक बार फिर तेज हो गई है, जिसके चलते पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है। पूर्वांचल के जिलों में अगले 48 घंटों तक झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर 28 जिलों में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

चंदौली और आसपास के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
आपदा प्रबंधन के 'सचेत ऐप' से प्राप्त आधिकारिक अलर्ट के अनुसार, अगले 03 घंटों में चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, प्रतापगढ़, रायबरेली और सुल्तानपुर तथा आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में सुरक्षा के लिहाज से ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

लखनऊ से पूर्वांचल तक बारिश से जनजीवन प्रभावित
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वांचल के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि पश्चिमी यूपी के जिलों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ समेत नोएडा और प्रयागराज में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बीते 24 घंटों में आजमगढ़ में 18 सेमी, वाराणसी में 13 सेमी और सोनभद्र व बस्ती में 12-12 सेमी तक बारिश दर्ज की गई है।

27 अगस्त तक जारी रहेगी मानसूनी आफत
मौसम विभाग की मानें तो 27 और 28 अगस्त को भी प्रदेश में मानसून की यही स्थिति बनी रहेगी। पूर्वांचल के ज्यादातर इलाकों में मूसलाधार बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की पूरी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे बारिश और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सचेत ऐप से लगातार मौसम की जानकारी लेते रहें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*