जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

इसलिए इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह बनाए गए सदर कोतवाल, जानें सिपाही से कोतवाल तक का सफरनामा

चंदौली में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने लापरवाही के चलते सदर कोतवाल को हटाकर तेज-तर्रार इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह को सदर कोतवाली की कमान सौंपी है।   

 
 

चंदौली सदर कोतवाली के नए कोतवाल

इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह का पुलिस सफर

एसपी आकाश पटेल का प्रशासनिक फेरबदल

उत्तर प्रदेश पुलिस कड़क कार्यशैली  

चंदौली में प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। योगी सरकार में उत्तर प्रदेश पुलिस की पहचान उसकी सख्त कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ कड़े रुख से रही है। बदलते दौर और आधुनिक पुलिसिंग के बीच आज भी कई ऐसे पुलिस अधिकारी हैं, जो अपनी पारंपरिक पुलिसिंग, अनुशासन और सख्त तेवर के लिए एक अलग पहचान रखते हैं। इन्हीं अधिकारियों में एक नाम इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह का भी है, जिन्हें अब चंदौली की सदर कोतवाली की कमान सौंपी गई है।   

क्यों हुआ नया बदलाव
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार की देर शाम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही के आरोप में सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पांडे को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पर तेज-तर्रार इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह को सदर कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है, जिससे महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।   

कौन हैं इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह
मूल रूप से बलिया जनपद के निवासी त्रिवेणी सिंह साल 1998 में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी (सिपाही) के पद पर भर्ती हुए थे। लंबे सेवाकाल और बेहतरीन अनुभव के बाद साल 2012 में वे उपनिरीक्षक (दरोगा) पद पर प्रन्नत हुए। इसके बाद साल 2026 में उन्हें निरीक्षक (इंस्पेक्टर) पद पर पदोन्नति मिली। पुलिस विभाग में उनका अब तक का सफर कई थानों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से होकर गुजरा है।   

वाराणसी और जौनपुर में रहा कड़ा रुख
इंस्पेक्टर त्रिवेणी सिंह की पहचान वाराणसी और जौनपुर में अपनी सख्त पुलिसिंग को लेकर खास तौर पर रही है। जौनपुर जनपद में तैनाती के दौरान उन्होंने सिरकोनी, बख्शा, खेतासराय, मछलीशहर, चंदवक, जलालपुर, केराकत, मुंगराबादशाहपुर और कोतवाली जौनपुर समेत विभिन्न थानों में प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इन सभी क्षेत्रों में उनकी कार्यशैली और सख्त तेवर की चर्चा हमेशा होती रही है। हालांकि, जौनपुर में एक थाने में उनका सबसे कम समय रहने का रिकॉर्ड भी उनके नाम रहा है।   

सदर कोतवाली में क्या होंगी उम्मीदें
जौनपुर के विभिन्न थानों की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनका स्थानांतरण चंदौली जनपद में हुआ था। अब पुलिस अधीक्षक ने उन्हें जिले की सबसे महत्वपूर्ण सदर कोतवाली की कमान सौंप दी है। एआई और तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग के इस दौर में त्रिवेणी सिंह की कार्यशैली को पारंपरिक और सख्त पुलिसिंग के तौर पर देखा जाता है। 

ऐसे में सदर कोतवाली की जिम्मेदारी मिलने के बाद अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग पर लोगों की निगाहें टिकी रहेंगी। अब देखना यह होगा कि उनके लंबे अनुभव और सख्त कार्यशैली से सदर कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को कितनी मजबूती मिलती है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*