मझवार स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और किसानों के मुआवजा मांग को लेकर ज्ञापन, लोक जन सोशलिस्ट पार्टी ने दी आंदोलन की चेतावनी
चंदौली मझवार स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव मांग
लोक जन सोशलिस्ट पार्टी ने आज फिर से ज्ञापन सौंपा
बाढ़ और फसलों के पीड़ित किसानों को मुआवजा देने मांग
मेडिकल कॉलेज में हो रहे भ्रष्टाचार पर जांच की मांग
मांग पूरी न होने पर दी एक और बड़े आंदोलन चेतावनी
चंदौली जिले में लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रभारी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मझवार रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ी यात्री ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया। संगठन के जिलाध्यक्ष भोलानाथ शर्मा ने बताया कि कोरोना काल से पहले मझवार स्टेशन पर कई यात्री गाड़ियां रुका करती थीं। लेकिन कोरोना काल के बाद से ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों और ग्रामीणों को रोजाना आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मांगें पूरी न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को चेताया कि यदि मझवार रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव जल्द से जल्द बहाल नहीं किया गया, तो लोक जन सोशलिस्ट पार्टी शांत नहीं बैठेगी। जिलाध्यक्ष भोलानाथ शर्मा ने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय जनता के अधिकारों के लिए संगठन सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को विवश होगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल झूठे वादे करके आम जनता को गुमराह कर रहा है।
बाढ़ पीड़ित किसानों को मुआवजा देने और दोबारा सर्वे की मांग
ज्ञापन में जिले के बाढ़ पीड़ित किसानों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। भोलानाथ शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों आई भीषण बाढ़ से जनपद के किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई थीं। सरकार द्वारा मुआवजा देने की प्रक्रिया में भारी पक्षपात किया गया, जिसके कारण 50 फीसदी से अधिक प्रभावित किसान आज भी आर्थिक सहायता से वंचित हैं। संगठन ने मांग की है कि प्रशासन निष्पक्षता से दोबारा सर्वे कराए और सभी पीड़ित किसानों को मुआवजा दे।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन के माध्यम से चंदौली में बने राजकीय मेडिकल कॉलेज में हो रही अनियमितताओं का मामला भी उठाया गया। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया था, लेकिन वहां बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
विश्वकर्मा समाज के हत्याकांडों पर कार्रवाई और ज्ञापन में मौजूद लोग
संगठन ने गाजीपुर, भदोही और गोरखपुर जिलों में हुई विश्वकर्मा समाज के लोगों की हत्याओं पर भी रोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गंभीर मामलों में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष भोलानाथ शर्मा के साथ ओमप्रकाश विश्वकर्मा, पंचम विश्वकर्मा, चंद्र केशव विश्वकर्मा, मुन्ना विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, वीरेंद्र विश्वकर्मा, शिवदास विश्वकर्मा, नारद विश्वकर्मा, रवि विश्वकर्मा, मोहित विश्वकर्मा और सोनू विश्वकर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







