धनबाद नौकरी करने जा रहा था भदोही का समीम, मझवार स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर गई जान
चंदौली के मझवार रेलवे स्टेशन के पास बड़ा हादसा हो गया। धनबाद नौकरी के लिए जा रहे भदोही निवासी 24 वर्षीय युवक को ट्रेन में झपकी आ गई, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मझवार रेलवे स्टेशन पास हादसा
चलती ट्रेन से गिरा भदोही का युवक
धनबाद जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जीआरपी ने शव कब्जे में लिया
चंदौली जिले के मझवार रेलवे स्टेशन के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धनबाद में नौकरी करने जा रहे भदोही निवासी 24 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना पोल संख्या 665/10 के पास होना बताई जा रही है।
ट्रेन में झपकी आने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान समीम (24 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम बेरासपुर केदारपुर, जनपद भदोही के रूप में हुई है। वह अपने दो अन्य मजदूर साथियों के साथ ट्रेन संख्या 12223 से विंध्याचल स्टेशन से धनबाद के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान देर रात चंदौली मझवार स्टेशन के पास उसे अचानक झपकी आ गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
पहचान के बाद जीआरपी ने की विधिक कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अपनी जांच शुरू की। मृतक के पास मिले सरकारी पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान समीम के रूप में की गई।
परिजनों को दी गई सूचना
जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कानूनी कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








