जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

देर रात नशे में युवकों ने की जमकर मारपीट, दो संदिग्ध हिरासत में और सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज

चंदौली में जिला अस्पताल के पास देर रात युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

 
 

चंदौली जिला अस्पताल के पास बड़ी वारदात

देर रात युवक के साथ मारपीट और छिनैती

एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

डायल 112 पर सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने लिया हिरासत में

 चंदौली जिले से अपराध का एक मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जिला अस्पताल के पास देर रात एक युवक के साथ दबंगों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसका मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी है।

देर रात नशे की हालत में युवकों ने की अभद्रता
मिली जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश नगर, नगर पंचायत चंदौली के रहने वाले इंद्रजीत सिंह ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे वह कमलापति जिला अस्पताल के पास मौजूद थे। इसी दौरान अचानक 10 से 12 की संख्या में कुछ लोग वहां आ पहुंचे। आरोप है कि ये सभी लोग नशे की हालत में थे और आते ही उन्होंने पीड़ित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन लोगों ने इंद्रजीत के साथ लाठी-डंडों और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।

मोबाइल फोन छीनकर भागे आरोपी, दो हिरासत में
मारपीट के दौरान ही हुड़दंगियों में शामिल एक युवक पीड़ित का मोबाइल फोन छीनकर वहां से भाग निकला। इस अचानक हुई घटना से पीड़ित घबरा गया, जिसके बाद उसके साथी ने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को पूरी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित के मुताबिक, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से दो लोगों को दबोच लिया और उन्हें थाने ले आई। हालांकि, पीड़ित उन दोनों के नाम और पहचान नहीं जानता है।

सदर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि इलाके में इस तरह की अराजकता को रोका जा सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*