महानिदेशक मत्स्य ने चंदौली के होलसेल फिश मार्केट का हाल, शुरु कराने के लिए मत्स्य पालकों से लिया फीडबैक
महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने चंदौली में बने 'स्टेट ऑफ आर्ट' होलसेल फिश मार्केट का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय किसानों से बातचीत कर मंडी के जल्द संचालन और इसे बड़ा फिश हब बनाने के दिए निर्देश।
महानिदेशक मत्स्य ने किया फिश मार्केट का निरीक्षण
चंदौली को बड़ा फिश हब बनाने का आश्वासन
आसपास के 7 पड़ोसी जिलों के किसानों को फायदा
मंडी संचालन के लिए जल्द जारी होगी एसओपी
फिश प्रोसेसिंग यूनिट की भी होगी स्थापना
चंदौली जनपद में बने आधुनिक 'स्टेट ऑफ आर्ट' होलसेल फिश मार्केट का महानिदेशक मत्स्य, धनलक्ष्मी के० (आईएएस) ने विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडी का काम पूरा होने के बाद अब इसे जल्द से जल्द चालू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिल सके।

मत्स्य पालकों से संवाद और सुझावों पर चर्चा
निरीक्षण के बाद महानिदेशक ने जिले के उत्कृष्ट मत्स्य पालकों के साथ एक बैठक की। इसमें मदनजीत सिंह, अनिल कुमार निषाद, सूर्यमान और अजय सिंह समेत कई किसानों ने अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन सुझावों और समस्याओं के समाधान के लिए जिला व मंडल स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पूर्वांचल के 7 जिलों को मिलेगा सीधा फायदा
बैठक में मंडी परिषद के आयुक्त निदेशक ने फिश प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना पर बात की और इसे एक बड़े 'फिश हब' के रूप में विकसित करने का भरोसा दिया। चंदौली के पड़ोसी जिलों—गाजीपुर, मऊ, जौनपुर, सोनभद्र, बलिया, मिर्जापुर और वाराणसी के किसानों को भी इस मंडी से जोड़ा जाएगा, जिससे मंडी की क्षमता का पूरा उपयोग हो सके।
संचालन के लिए जल्द जारी होगी एसओपी
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंडी के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों से शीघ्र एसओपी (SOP) जारी करने का अनुरोध किया, ताकि दुकानों और आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर मंडी को शुरू किया जा सके। डीएम ने महानिदेशक को भरोसा दिलाया कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन होगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, निदेशक मंडी परिषद इंद्र विक्रम सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








