जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

युवाओं के लिए सुनहरा मौका: 21 फरवरी को मेगा जॉब फेयर, टाटा मोटर्स और लावा जैसी 45 कंपनियां देंगी युवाओं को नौकरी

चन्दौली के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर! 21 फरवरी को राजकीय आईटीआई रेवसा में वृहद रोजगार मेला आयोजित होने जा रहा है। टाटा मोटर्स और लावा जैसी 45 बड़ी कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी। नौकरी पाने के लिए आज ही रजिस्ट्रेशन कराएं।

 
 

21 फरवरी को राजकीय आईटीआई रेवसा में आयोजन

टाटा मोटर्स और लावा समेत 45 कंपनियां आएंगी

हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थी पात्र

रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य 

उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन रोजगार को गति देने के लिए चंदौली जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आगामी 21 फरवरी, 2026 को जनपद में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन राजकीय आईटीआई परिसर, रेवसा में होगा, जहां युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

इन बड़ी कंपनियों में मिलेगा नौकरी का मौका
इस रोजगार मेले की सबसे खास बात इसमें शामिल होने वाली कंपनियों की लंबी फेहरिस्त है। मेले में टाटा मोटर्स, लावा इंटरनेशनल, लावा, डिक्सन, हिंडाल्को, अशोक लीलैंड, यूफ्लेक्स लिमिटेड, और क्वेसकार्प इंडिया जैसी लगभग 45 नामचीन कंपनियां शिरकत करेंगी। ये कंपनियां विभिन्न पदों के लिए मौके पर ही अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेकर उनका चयन करेंगी।

कौन कर सकता है आवेदन? 
रोजगार मेले में शैक्षणिक विविधता का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक (BA/BSc/BCom), बी.टेक, डिप्लोमा और आईटीआई के साथ-साथ कौशल विकास मिशन के अंतर्गत किसी भी ट्रेड में प्रशिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थियों को इस मेले में शामिल होने के लिए सेवायोजन विभाग के आधिकारिक पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य है। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद ही पोर्टल पर मेले से संबंधित जानकारी और आवेदन का विकल्प दिखाई देगा। अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।

जरूरी दस्तावेज और समय का रखें ध्यान
मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी युवाओं को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ सभी मूल शैक्षिक अंकपत्र, प्रमाण पत्र, अपना अपडेटेड बायोडाटा (Resume) और 4 पासपोर्ट साइज फोटो जरूर लाएं। अभ्यर्थियों को प्रातः 10:00 बजे आयोजन स्थल राजकीय आईटीआई परिसर, रेवसा पहुंचना सुनिश्चित करना होगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*