जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में 'मिशन सेफ फ्यूचर' का हंटर: अनफिट स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 2 गाड़ियां सीज और 6 का चालान

चंदौली में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए 'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चेकिंग के दौरान 2 वाहन सीज और 6 का चालान किया गया है, जबकि 40 अनफिट वाहनों वाले स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है।

 
 

'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत बड़ी कार्रवाई

चेकिंग के दौरान 2 स्कूली वाहन सीज

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर 6 का चालान

जिले के 40 स्कूली वाहनों की फिटनेस फेल

गुरुकुल, एम्बीशन और राईजिंग सन स्कूल को नोटिस

 चंदौली जिला प्रशासन और परिवहन विभाग स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। बच्चों के सुरक्षित सफर के लिए प्रदेश भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान "मिशन: सेफ फ्यूचर" के तहत जनपद चंदौली में अवैध, बिना फिटनेस और बिना परमिट के सड़कों पर दौड़ने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ सीधी और कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसडीएम और एआरटीओ ने खुद संभाली कमान
इस अभियान के तहत गुरुवार (02 जुलाई 2026) को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सदर विजय त्रिवेदी और सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन-प्रथम) डॉ. सर्वेश गौतम ने संयुक्त रूप से सड़कों पर उतरकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस औचक निरीक्षण के दौरान चंदौली के प्रमुख स्कूलों जैसे सेंट जॉन्स, स्वामी परमहंस और विवेकानन्द स्कूल के वाहनों को रोककर उनका ऑन-स्पॉट भौतिक सत्यापन किया गया।

सुरक्षा मानकों में मिली बड़ी कमियां
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्कूली बसों और वैन के अंदर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। इसमें मुख्य रूप से अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), फर्स्ट-एड बॉक्स, जीपीएस (GPS), सीसीटीवी (CCTV) कैमरा और इमरजेंसी विंडो (आपातकालीन खिड़की) जैसी जीवन रक्षक व्यवस्थाओं को परखा गया। जांच में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 06 स्कूली वाहनों का तत्काल चालान काटा गया, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 02 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

पोर्टल पर खुली 40 वाहनों की पोल
"एकीकृत विद्यालय वाहन अनुश्रवण पोर्टल" से मिले ताजा आंकड़ों के अनुसार, चंदौली जनपद में कुल 794 स्कूली वाहन रजिस्टर्ड हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से 40 वाहनों की फिटनेस अवधि काफी समय पहले ही समाप्त हो चुकी है, फिर भी वे बच्चों को ढो रहे थे। पोर्टल की इस चौंकाने वाली रिपोर्ट के बाद परिवहन कार्यालय चंदौली ने बिना देर किए संबंधित स्कूल प्रबंधनों को कड़ा नोटिस थमा दिया है।

इन बड़े स्कूलों की बसें निकलीं अनफिट
विभाग द्वारा जारी की गई लिस्ट के अनुसार, जिन स्कूलों के वाहनों की फिटनेस खत्म पाई गई है, उनमें नियमताबाद का गुरुकुल स्कूल (06 वाहन), एम्बीशन स्कूल (03 वाहन) और बबुरी का राईजिंग सन वर्ल्ड स्कूल (03 वाहन) प्रमुख रूप से शामिल हैं। परिवहन विभाग ने इन सभी को अंतिम चेतावनी दी है कि वे समय रहते अपने वाहनों को दुरुस्त करवाकर नजदीकी एटीएस (ATS) सेंटर से फिटनेस सर्टिफिकेट हासिल कर लें।

नहीं चेते तो कबाड़ में बदल जाएंगी गाड़ियां
एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर फिटनेस नहीं कराई गई, तो वाहनों का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) तत्काल प्रभाव से निलंबित और हमेशा के लिए निरस्त कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, जो गाड़ियां अत्यधिक अनफिट और अनाधिकृत पाई जाएंगी, उन्हें आरवीएसएफ (Registered Vehicle Scrapping Facility) के नियमों के तहत सीधे कबाड़ (स्क्रैप) घोषित करके नष्ट कर दिया जाएगा। नियमों की अनदेखी पर स्कूलों की मान्यता रद्द करने की सिफारिश भी की जा सकती है।

स्कूलों में बनेगी विशेष सुरक्षा समिति
उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली-1998 के कड़े नियमों के तहत अब प्रत्येक स्कूल में 'विद्यालय प्राधिकारी' की अध्यक्षता में एक विशेष सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य कर दिया गया है। इस कमेटी में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामित अधिकारी, स्थानीय पुलिस, बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), स्थानीय निकाय के सदस्य और अभिभावकों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे, जो समय-समय पर वाहनों की सुरक्षा की निगरानी करेंगे।

जिलाधिकारी खुद लेंगे बड़ी बैठक
इस पूरी व्यवस्था को कड़ाई से जमीन पर उतारने के लिए जुलाई के इसी प्रथम सप्ताह में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक बुलाई जा रही है। जिला मुख्यालय पर होने वाली इस बैठक में चंदौली जनपद के सभी स्कूलों के प्रबंधकों, प्राचार्यों और मुख्य प्रतिनिधियों का शामिल होना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहनों की सुरक्षा के प्रति खुद भी सजग और जागरूक रहें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*