सावधान! घर से निकलने से पहले देखें: चंदौली पुलिस ने विसर्जन के लिए जारी किया ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात सुगम बनाने हेतु चंदौली पुलिस ने मुगलसराय क्षेत्र में रूट डायवर्जन लागू किया है। भारी वाहनों और ऑटो-टोटो के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
26 जनवरी को सुबह 10 बजे से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
चकिया तिराहे से पड़ाव तक छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित
पड़ाव चौराहे से मुगलसराय की तरफ भारी वाहनों की नो-एंट्री
वाराणसी जाने वाले वाहन गोधना मोड़ और रिंग रोड का करेंगे उपयोग
कोयला मंडी से ट्रकों के आवागमन पर भी रहेगी रोक
चंदौली जिले में बसंत पंचमी के पावन पर्व के बाद सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत चंदौली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में दिनांक 26 जनवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से विसर्जन कार्यक्रम की समाप्ति तक मुगलसराय और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
प्रमुख डायवर्जन बिंदु और वैकल्पिक मार्ग
यातायात का दबाव कम करने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित बदलाव किए हैं:---
1. चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा): किसी भी प्रकार के ऑटो, टोटो, भारी वाहन, मालवाहक या चार पहिया वाहन चकिया तिराहे से कस्बा मुगलसराय होते हुए पड़ाव तक नहीं जा सकेंगे। वाराणसी जाने वाले वाहनों को गोधना मोड़ से रामनगर अथवा रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य को भेजा जाएगा।
2. पड़ाव चौराहा: पड़ाव चौराहे से किसी भी प्रकार के भारी या मालवाहक वाहन को मुगलसराय कस्बा की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। चंदौली की ओर जाने वाले वाहन रामनगर होते हुए एनएच-19 का उपयोग करेंगे।
3. आलमपुर तिराहा: आलमपुर से मुगलसराय कस्बे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाराणसी की ओर जाने वाले यात्री एनएच-19 रामनगर मार्ग का चुनाव कर सकते हैं।
भारी वाहनों के लिए विशेष निर्देश
एफ.सी.आई. तिराहा: यहाँ से सभी भारी वाहनों को व्यासनगर होते हुए शाहूपुरी रोड पर मोड़ा जाएगा। ये वाहन पी.एस.सी. तिराहा से रामनगर होते हुए आगे बढ़ सकेंगे।
कोयला मण्डी: यदि सड़क पर दबाव बढ़ता है, तो कोयला मंडी से ट्रकों का आवागमन पड़ाव चौराहे की तरफ पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
आमजन के लिए पुलिस की अपील
यातायात विभाग ने आम जनता और पूजा समितियों से अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित रूटों का ही पालन करें। विसर्जन जुलूस के दौरान अनावश्यक भीड़ और जाम से बचने के लिए पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। असुविधा से बचने के लिए यात्री समय से पहले अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करें और गूगल मैप्स या स्थानीय पुलिस से अपडेट लेते रहें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






