जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में NEET UG परीक्षा की तैयारी पूरी: CCTV कैमरों की निगरानी में 4 केंद्रों पर 1838 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

चंदौली में नीट यूजी प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चार केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्र पर ही अभ्यर्थियों को पेन उपलब्ध कराया जाएगा।

 
 

चार परीक्षा केंद्रों पर 1838 अभ्यर्थी पंजीकृत

सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में परीक्षा

केंद्र पर ही मिलेगा परीक्षा के लिए पेन

मजिस्ट्रेट के साथ तैनात रहेगा भारी पुलिस बल

चंदौली जिले में आज देशभर की तरह NEET परीक्षा होने जा रही है। देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स में प्रवेश के लिए आज तीन मई दिन रविवार को नीट यूजी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। चंदौली जिले में इस परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में कुल चार परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 1838 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में संपन्न होगी।

Imgae

परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था और शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम के तहत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की विधिवत जांच करने के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।

इन चार केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में नीट की परीक्षा सकुशल और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए कुल चार केंद्र बनाए गए हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय ए और केंद्रीय विद्यालय बी केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा नगर पालिका इंटर कॉलेज और ईस्टर्न रेलवे इंटर कॉलेज में परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। केंद्रीय विद्यालय ए और बी के साथ ही नगर पालिका में बने केंद्र पर 480-480 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। वहीं, ईस्टर्न रेलवे इंटर कॉलेज में कुल 398 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

पेन और जरूरी आईडी से संबंधित नियम
परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर सुबह 11 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा। अभ्यर्थियों को केंद्र पर ही पेन उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षार्थी सिर्फ अपनी ओरिजिनल आईडी और एडमिट कार्ड लेकर ही केंद्र पर आ सकेंगे। मूल पहचान पत्र के तौर पर आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वोटर कार्ड अथवा सरकार से जारी कोई अन्य वैध आईडी साथ लाना अनिवार्य है।

बायोमेट्रिक प्रक्रिया और डेढ़ बजे के बाद नो एंट्री
नोडल अधिकारी व केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय की प्रधानाचार्य क्षमा सिंह ने बताया कि जिले में निष्पक्ष एवं नकलविहीन नीट यूपी प्रवेश परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा। केंद्र पर दोपहर डेढ़ बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों की आईडी जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने दिया जाएगा। इसके साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल, घड़ी आदि लाना पूरी तरह वर्जित है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*