चंदौली के नए डीएम बने शैलेश कुमार देर रात पहुंचे ट्रेजरी, रात में ही ले लिया चार्ज..देखें तस्वीरें
नवागत डीएम शैलेश कुमार ने संभाला कार्यभार
सोमवार देर रात कलेक्ट्रेट पहुंचे नए जिलाधिकारी
पूर्व डीएम चंद्रमोहन गर्ग रहे मौजूद
भदोही से चंदौली हुआ आईएएस का तबादला
अधिकारियों संग की 15 मिनट परिचयात्मक बैठक
चंदौली जिले के नवागत जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने सोमवार देर रात कलेक्ट्रेट पहुंचकर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय के बाहर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर. जगत साई और अपर जिलाधिकारी (ADM) राजेश कुमार ने बुके भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके तुरंत बाद नवागत डीएम सीधे ट्रेजरी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने आवश्यक सरकारी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करके औपचारिक रूप से जिलाधिकारी पद का प्रभार संभाल लिया।

पूर्व डीएम चंद्रमोहन गर्ग रहे मौजूद
चार्ज लेने की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान चंदौली के पूर्व जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग भी ट्रेजरी कार्यालय में मौजूद रहे। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी दोस्ताना माहौल देखने को मिला। दरअसल, चंदौली के जिलाधिकारी रहे चंद्रमोहन गर्ग का स्थानांतरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव के पद पर किया गया है। वहीं भदोही में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे शैलेश कुमार को चंदौली जिले की नई कमान सौंपी गई है।

तबादला आदेश के कुछ घंटों बाद ही पहुंचे चंदौली
सोमवार शाम को शासन स्तर से प्रशासनिक तबादले का आदेश जारी हुआ था, जिसके महज कुछ ही घंटों के भीतर नवागत डीएम शैलेश कुमार कार्यभार ग्रहण करने चंदौली पहुंच गए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर वहां मौजूद जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात शैलेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित अधिकारियों से बारी-बारी परिचय प्राप्त किया। चार्ज लेने के बाद वह सीधे डीएम कार्यालय पहुंचे और वहां करीब 15 मिनट तक अधीनस्थ अफसरों के साथ परिचयात्मक बैठक की।

सख्त कार्यशैली को लेकर कर्मचारियों में चर्चा तेज
बैठक संपन्न करने के बाद नवागत जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हो गए। कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों के बीच नवागत डीएम शैलेश कुमार की कार्यशैली और उनके सख्त तेवर को लेकर काफी चर्चाएं बनी हुई हैं। कलेक्ट्रेट कर्मियों का कहना है कि नए जिलाधिकारी अपने कामकाज को लेकर बेहद गंभीर और सख्त रहते हैं। उनके आगमन के बाद से कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों में नई प्रशासनिक व्यवस्था तथा कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







