चंदौली को 'धान का कटोरा' बनाने वाले पंडित जी के बांध 70 साल बाद भी अडिग: ललितेश त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पंडित कमलापति त्रिपाठी 121वीं जयंती समारोह
पूर्व विधायक ललितेश त्रिपाठी का संबोधन
चंदौली को धान का कटोरा बनाने का श्रेय
2027 विधानसभा चुनाव बदलाव का इतिहास
भाजपा सरकार पर विकास और खरीद-फरोख्त का आरोपa
चंदौली जनपद में पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उनके प्रपौत्र एवं पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने परदादा के ऐतिहासिक राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि पिछले 90 वर्षों से उनके विकास कार्यों की अमिट छाप आज भी चंदौली की जनता के दिलों में बसी हुई है और उनका यह पारिवारिक रिश्ता हमेशा कायम रहेगा।
पंडित जी की रखी नींव को कई इंजन की सरकारें भी नहीं हिला सकीं
ललितेश पति त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पंडित कमलापति त्रिपाठी ने चंदौली के विकास की जो मजबूत नींव रखी थी, उसे कई इंजन की सरकारें मिलकर भी नहीं हिला पाई हैं। करीब 70 साल पहले उनके द्वारा बनवाए गए बांध और सिंचाई परियोजनाएं आज भी मजबूती से खड़ी हैं, जबकि वर्तमान समय में शिलान्यास, लोकार्पण और ध्वस्तीकरण तीनों काम एक साथ देखने को मिल रहे हैं।
चंदौली को 'धान का कटोरा' बनाने में रहा सबसे बड़ा योगदान
उन्होंने कहा कि पंडित जी ने विकास को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सिंचाई, कृषि, रेलवे और शिक्षा से जोड़ा। चंदौली में नहरों, बांधों और पंप कैनाल का जाल बिछाकर उन्होंने किसानों की तकदीर बदली। उनकी इसी दूरगामी सोच के चलते चंदौली को 'धान का कटोरा' की पहचान मिली। उन्होंने कहा कि राजनीति का असली मकसद केवल सत्ता पाना नहीं, बल्कि आम जनता और किसानों की खुशहाली होना चाहिए।
2027 का चुनाव उत्तर प्रदेश में बदलाव का इतिहास लिखेगा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ललितेश पति त्रिपाठी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश में बड़े बदलाव का गवाह बनेगा और पूर्वी छोर चंदौली से ही परिवर्तन की मजबूत बयार चलेगी। टीएमसी सांसदों के टूटने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चर्चा बिकने वालों की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या करने वाले खरीदारों की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन 2027 में यूपी और 2029 में केंद्र से भाजपा को हटाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में नागरिक रहे उपस्थित
समारोह में सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ने की तथा संयोजन धर्मेंद्र तिवारी द्वारा किया गया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, देवेंद्र प्रताप सिंह, आनंद शुक्ला, सतीश बिंद, राम जी गुप्ता, मधु राय और सत्येन्द्र उपाध्याय सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







