चंदौली में किसानों के लिए सड़क पर उतरे मनोज सिंह डब्लू, पुलिस से भिड़कर नवीन मंडी में शुरू कराई धान की तौल
चंदौली में धान खरीद की समस्याओं को लेकर सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने ट्रैक्टर मार्च निकाला। पुलिस की घेराबंदी के बावजूद उन्होंने मंडी पहुँचकर किसानों की तौल सुनिश्चित कराई और सरकार पर क्रय केंद्रों को लूट का अड्डा बनाने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का जोरदार ट्रैक्टर मार्च
नवीन मंडी में डिप्टी आरएमओ की मौजूदगी में धान तौल शुरू
किसान की बेटी की शादी के लिए सपा नेता का संघर्ष
28 फरवरी तक निर्वाध धान खरीद का प्रशासन का आश्वासन
चंदौली वैसे तो ही 'धान के कटोरे' के रुप में चर्चित है, लेकिन जिले में इन दिनों अन्नदाता अपनी ही फसल बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। किसानों की इसी पीड़ा को स्वर देने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सोमवार को सड़क पर उतर आए। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जैसे ही वह सैयदराजा स्थित अपने आवास से किसानों के साथ धान लदे ट्रैक्टर लेकर आगे बढ़े, भारी पुलिस बल ने उन्हें नेशनल हाईवे पर ही रोक लिया।

पुलिस की घेराबंदी तो सपा नेता ने लिया संकल्प
प्रशासन ने मनोज सिंह डब्लू को नोटिस थमाते हुए आगे बढ़ने से रोकने का भरसक प्रयास किया। जिले की सीमाओं और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर पुलिस की कड़ी निगहबानी रही ताकि किसानों के बड़े जमावड़े को रोका जा सके। हालांकि, किसानों के हितों की दुहाई देते हुए पूर्व विधायक पीछे नहीं हटे और पुलिसिया अवरोधों को पार करते हुए नवीन मंडी कूच कर गए। उनके इस तेवर को देख प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में डिप्टी आरएमओ को मंडी पहुंचना पड़ा।
भावुक कर देने वाली किसान की दास्तां
सपा नेता ने इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए एक मार्मिक वाकया साझा किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक बुजुर्ग किसान उनके पास आए और रोते हुए अपनी व्यथा सुनाई। किसान का कहना था कि धान की बिक्री न होने के कारण उसकी बिटिया की शादी टूटने की कगार पर है। मनोज सिंह डब्लू ने कहा, "जब किसान की मेहनत की कमाई उसकी बुनियादी जरूरतों जैसे पढ़ाई, दवाई और शादी-विवाह के काम न आए, तो वह कहाँ जाएगा? किसानों की आँखों में आँसू देखकर मैं चुप नहीं बैठ सकता।"
धान खरीद केंद्रों पर लगाए गंभीर आरोप
सपा नेता ने सत्ता पक्ष और प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में धान क्रय केंद्र 'लूट के केंद्र' बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों से प्रति बोरा अतिरिक्त अनाज की मांग की जा रही है और अंगूठा लगवाने के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। किसानों को अपनी बारी के लिए दो-दो महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस की सक्रियता पर तंज कसते हुए कहा कि यदि पुलिस ने जितनी फुर्ती ट्रैक्टर रोकने में दिखाई है, उतनी किसानों का धान बिकवाने में दिखाई होती, तो आज यह नौबत नहीं आती।
प्रशासनिक सक्रियता से 300 कुंतल धान की खरीद
पूर्व विधायक के इस आक्रामक रुख का असर यह हुआ कि नवीन मंडी में पहले से मौजूद डिप्टी आरएमओ ने तत्काल धान की तौल शुरू करवाई। मनोज सिंह डब्लू के प्रयासों से मौके पर करीब 300 कुंतल धान की खरीद सुनिश्चित की गई। जिन किसानों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया था, उनके लिए प्रशासन ने भरोसा दिया है कि स्थानीय स्तर पर ही उनके धान की तौल और अंगूठा लगवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
28 फरवरी तक का अल्टीमेटम
प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आगामी 28 फरवरी तक जिले के सभी शेष किसानों की उपज की खरीद बिना किसी बाधा के पूरी की जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सपा नेता ने साफ कर दिया कि यदि तय समय सीमा के भीतर किसानों का दाना-दाना नहीं खरीदा गया, तो आंदोलन और भी उग्र होगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








