मर्डर के लिए मीशो ऐप से 250 रुपये में मंगाया था चाकू, फिर दोस्त को उतारा मौत के घाट
चंदौली के फत्ते प्रतापपुर में कोचिंग के दौरान दो नाबालिग छात्रों का विवाद खूनी खेल में बदल गया। एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मार डाला। हत्या का चाकू ऑनलाइन मंगाया गया था। पूरी खबर पढ़ें...
कोचिंग क्लास में खूनी खेल
हाईस्कूल के छात्र की हत्या
मीशो ऐप से खरीदा चाकू
आरोपी नाबालिग छात्र हुआ गिरफ्तार
फत्ते प्रतापपुर में भारी हड़कंप
चंदौली जनपद से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फत्ते प्रतापपुर इलाके में शुक्रवार को दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आदर्श इंटर कॉलेज में चल रही गणित की कोचिंग क्लास के दौरान एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में घायल छात्र लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

लवकुश और उत्कर्ष के बीच हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत छात्र की पहचान लवकुश यादव के रूप में हुई है, जो कि हाईस्कूल का छात्र था। वहीं, जानलेवा हमला करने वाला आरोपी छात्र उत्कर्ष यादव भी हाईस्कूल का ही छात्र है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र रोज की तरह शुक्रवार की सुबह फत्ते प्रतापपुर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज परिसर में गणित विषय की कोचिंग पढ़ने के लिए आए हुए थे। इसी दौरान क्लास के भीतर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दोनों छात्र हिंसक रूप ले बैठे और क्लासरूम चीख-पुकार से गूंज उठा।
ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से 250 रुपये में मंगाया था कत्ल का हथियार
इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आज दिनांक 12.06.2026 को सुबह हुई इस घटना को लेकर पुलिस ने जब आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी छात्र ने पुलिस को बताया कि उसका लवकुश से पहले भी कोई मनमुटाव था, जिसके चलते उसने करीब एक महीना पहले 17.05.2026 को अपने एक दोस्त के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया। उसने मीशो (Meesho) ऑनलाइन शॉपिंग ऐप के माध्यम से महज 250 रुपये में एक धारदार चाकू ऑर्डर किया था। यह चाकू उसे 22 मई 2026 को कूरियर के जरिए प्राप्त हुआ था, जिसे वह शुक्रवार को अपने साथ लेकर आया था।
पुलिस ने ऐसे बरामद किया कत्ल में इस्तेमाल हुआ चाकू
विवाद बढ़ने पर उत्कर्ष ने अपने बैग से वही ऑनलाइन मंगाया हुआ चाकू निकाला और लवकुश के शरीर पर कई वार कर दिए। ताबड़तोड़ हमलों के कारण लवकुश को संभलने का मौका ही नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग छात्र के पास से आलाकत्ल यानी हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक विधिक और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा और नाबालिग बच्चों के ऑनलाइन हथियारों तक पहुंच पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








