जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में पुलिस का वज्रपात, 7 दिनों में 3631 वाहनों का चालान, वसूला 58 लाख से ज्यादा जुर्माना

चंदौली पुलिस ने नेशनल हाईवे और चंधासी कोयला मंडी समेत कई इलाकों में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। महज 7 दिनों के भीतर रिकॉर्ड 3,631 वाहनों का चालान काटकर 58,40,400 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है।

 

चंदौली पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

3631 वाहनों का कटा भारी चालान

58 लाख से अधिक जुर्माना अधिरोपित

बिना हेलमेट के रिकॉर्ड 1232 चालान

नो पार्किंग में 471 ट्रक नपे

चंदौली जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त, सुरक्षित और जाम से मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बड़े अधिकारियों के निर्देश पर जिले के संवेदनशील और सबसे व्यस्त इलाकों में एक बड़ा "विशेष चेकिंग अभियान" चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में यातायात पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे, आलमपुर, चंधासी कोयला मंडी और जिले के दूसरे प्रमुख रास्तों पर अवैध पार्किंग, बिना हेलमेट, तेज रफ्तार और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले गाड़ियों के खिलाफ जमकर डंडा चलाया है।

7 दिन में वसूला 58 लाख से ज्यादा का जुर्माना
सड़कों पर कहीं भी गाड़ी खड़ी करके रास्ता रोकने वाले और ट्रैफिक नियमों को हवा में उड़ाने वाले ड्राइवरों को पुलिस ने इस बार सबक सिखाया है। 15 जून 2026 से लेकर 21 जून 2026 तक चले इस महज एक हफ्ते के विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 3,631 वाहनों का चालान काटा है। इन सभी चालानों को मिलाकर वाहन स्वामियों पर कुल 58,40,400 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है, जिससे नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया है।

बिना हेलमेट वालों पर सबसे ज्यादा गिरी गाज
पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को हुआ है जो बिना हेलमेट के बाइक दौड़ा रहे थे। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के रिकॉर्ड 1,232 वाहनों का चालान काटा गया और उनसे कुल 12,32,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वाले 62 लोगों, नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने वाले 1,211 लोगों और बाइक पर तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) बैठाने वाले 151 चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई। साथ ही, 02 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

नो पार्किंग में खड़े 471 ट्रकों पर भी कार्रवाई
हाईवे और मंडियों में जाम का बड़ा कारण बनने वाले ट्रकों पर भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 15 जून से 21 जून के बीच नो पार्किंग जोन में खड़े पाए गए कुल 471 ट्रकों का चालान किया गया, जिन पर कुल 8,53,500 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया। चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनलाइजर मशीन की मदद से शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 01 ड्राइवर को भी पकड़ा गया, जिसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के साथ दी गई समझाइश
ट्रैफिक पुलिस की टीम ने सिर्फ चालान ही नहीं काटा, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियम भी समझाए। पुलिसकर्मियों ने लोगों को हिदायत दी कि वे गाड़ी चलाते समय मादक पदार्थों का सेवन न करें, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और प्रेशर हॉर्न या मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। पुलिस का साफ कहना है कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*