NH-19 पर एक और एक्सीडेंट: खड़े डंपर में जा घुसा तेज रफ्तार ट्रक, केबिन में फंसे चालक की हालत नाजुक
चंदौली में मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक केबिन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर अस्पताल पहुँचाया।
एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा
ट्रक के केबिन में फंसा चालक
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
एनएचएआई की टीम पर आरोप
डेढ़ घंटे देरी से पहुंची क्रेन
चंदौली जिले में मंगलवार को एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह घटना नेशनल हाईवे-19 पर सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय के पास की है। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बिल्कुल पिचक गया और उसमें बैठा ड्राइवर केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भागते हुए मौके पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर लोग सहम गए क्योंकि ट्रक चालक बुरी तरह घायल होकर अंदर फंसा हुआ था।
फरिश्ता बनकर आए स्थानीय लोग
प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग चालक की जान बचाने में जुट गए। काफी देर की कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद लोगों ने केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। उसे तुरंत पास के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत को बहुत ही चिंताजनक बताया है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों का कहना है कि अगर स्थानीय लोग समय पर हिम्मत नहीं दिखाते और अपनी जान पर खेलकर ड्राइवर को बाहर नहीं निकालते, तो उसकी जान बचाना नामुमकिन हो जाता।
NHAI की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
इस दुर्घटना ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि हादसे की जानकारी देने के बावजूद रेस्क्यू टीम और क्रेन पहुँचने में करीब डेढ़ घंटे की देरी हुई। इतना ही नहीं, जब टीम वहां पहुंची तो उनके पास रेस्क्यू के लिए जरूरी उपकरण भी नहीं थे। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर आपातकालीन स्थिति के लिए हमेशा रेस्क्यू व्यवस्था तैयार रहनी चाहिए, लेकिन यहाँ अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
यातायात हुआ प्रभावित, पुलिस जाँच में जुटी
इस भीषण टक्कर के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ घंटों के लिए गाड़ियों की आवाजाही पर असर पड़ा और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने काफी कोशिशों के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक और डंपर को रास्ते से हटवाया और फिर कहीं जाकर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल घायल चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उसके परिजनों को सूचना देने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार के अलावा क्या कोई और तकनीकी कारण तो नहीं था। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








