जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

कैली गांव का शिवशंकर गुजरात की नदी में डूबा, गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी, परिवार में पसरा मातम

चंदौली के कैली गांव का रहने वाला 20 वर्षीय शिवशंकर श्रीवास्तव सूरत की एक नदी में नहाते समय डूब गया। चप्पल बचाने की कोशिश में गहरे पानी में समाए इकलौते बेटे की गोताखोर लगातार तलाश कर रहे हैं।

 
 

सूरत की नदी में डूबा चंदौली का युवक

चप्पल बचाने के प्रयास में बड़ा हादसा

माता-पिता का इकलौता बेटा था शिवशंकर

सूरत प्रशासन की रेस्क्यू टीम सक्रिय

कैली गांव के पीड़ित परिवार में मातम

चंदौली के एक 20 वर्षीय नौजवान के साथ दर्दनाक हादसा हो गया है।  सदर कोतवाली क्षेत्र के कैली गांव का रहने वाला शिवशंकर श्रीवास्तव मंगलवार की दोपहर अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसके पैर की चप्पल पानी के बहाव में बहने लगी, जिसे बचाने के चक्कर में वह गहरे पानी की तरफ चला गया और नदी में समा गया।

एक साल से सूरत में चाचा के साथ रहकर कर रहा था नौकरी
परिजनों के अनुसार, शिवशंकर पिछले एक साल से गुजरात के सूरत की एक कंपनी में काम कर रहा था। वह वहां अपने चाचा के साथ रहकर नौकरी करता था। मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने दोस्तों के साथ कंपनी के पास बहने वाली नदी में नहाने के लिए निकला था। नहाते समय चप्पल बहने लगी और उसे पकड़ने के प्रयास में संतुलन खोने से वह गहरे पानी में डूब गया।

दोस्तों ने दी सूचना, गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
शिवशंकर को पानी में डूबते देख उसके दोस्तों ने तत्काल इस बात की जानकारी उसके चाचा को दी। चाचा ने तुरंत स्थानीय सूरत प्रशासन को हादसे की सूचना दी। खबर मिलते ही प्रशासन और गोताखोरों की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। गोताखोर नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया था। 

इकलौते बेटे के लापता होने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
शिवशंकर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। उसके पिता संतोषलाल श्रीवास्तव पड़ाव पर एक टायर की दुकान में काम करते हैं। इकलौते बेटे के नदी में डूबने की खबर जैसे ही गांव में उसके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है, लेकिन वे अब भी उसके सकुशल वापस लौटने की आस लगाए बैठी हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*