जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में दर्दनाक हादसा: ड्यूटी कर घर लौट रहे कृष्णानंद उपाध्याय को बोलेरो ने कुचला, कार के गेट से टकराकर गिरा था बाइक सवार

चंदौली के NH 19 पर खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से बाइक सवार संतुलन खोकर गिर गया, जिसे तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। निजी अस्पताल के एंबुलेंस चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

चंदौली सदर कोतवाली में दर्दनाक हादसा

खड़ी कार का दरवाजा खुलने से दुर्घटना

अनियंत्रित बाइक सवार को बोलेरो ने रौंदा

अस्पताल के एंबुलेंस चालक की मौत

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

 चंदौली जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 19 (NH 19) पर एक बाइक सवार युवक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बड़े साहब के ढाबा के पास सर्विस लेन पर हुआ।

मृतक की पहचान गोरख निवासी कृष्णानंद उपाध्याय के रूप में हुई है। कृष्णानंद उपाध्याय एक निजी अस्पताल (केजी नंदा हॉस्पिटल) में एंबुलेंस चालक के रूप में कार्यरत थे। वह अपनी दैनिक ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में काल बनकर आई बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।


अचानक खुला कार का गेट और हो गया हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णानंद जैसे ही नेशनल हाईवे 19 से सर्विस रोड की तरफ मुड़े, तभी बड़े साहब के ढाबा के पास पहले से खड़ी एक कार का दरवाजा अचानक खुल गया। अचानक खुले गेट से कृष्णानंद की बाइक टकरा गई और वह अपना संतुलन खोकर सीधे सड़क पर गिर पड़े।

उसी वक्त सर्विस लेन पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित बाइक सवार कृष्णानंद उपाध्याय को रौंदते हुए तेजी से निकल गई। टक्कर इतनी भीषण और भयानक थी कि एंबुलेंस चालक कृष्णानंद की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

chandauli-nh19-road-accident-bolero-crushed-bike-rider-dead

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की विधिक कार्यवाही के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुई बोलेरो गाड़ी की पहचान के लिए बड़े साहब के ढाबा और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वाहन को चिन्हित कर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*