जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में 2 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 147 क्रय केंद्रों पर केवल 'फार्मर रजिस्ट्री' से होगी खरीद

चंदौली में 2 नवंबर से 147 केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होगी। इस बार 2441 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी के साथ 'फार्मर रजिस्ट्री' अनिवार्य की गई है।

 
 

चंदौली में 147 धान क्रय केंद्र स्थापित

धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये
   
2 नवंबर से धान की खरीद शुरू
 
फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण अनिवार्य नियम   

 चंदौली जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीद की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के अनुमोदन के बाद जिले में कुल 147 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 1 नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण खरीद प्रक्रिया 2 नवंबर से विधिवत शुरू होगी। 

क्रय केंद्रों का समय और व्यवस्था
किसान भाइयों को अपनी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी धान क्रय केंद्रों पर खरीद का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। यह क्रय केंद्र खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम (FCI) और मंडी समिति के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं।   

जानिए किस ब्लॉक में कितने क्रय केंद्र
किसानों की सुविधा के लिए जिले के सभी विकास खंडों में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। बरहनी ब्लॉक में सबसे ज्यादा 32 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा चकिया में 23, चंदौली सदर में 22, सकलडीहा में 18, धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियमाताबाद में 7 और नौगढ़ में 6 केंद्र बनाए गए हैं।   
धान का समर्थन मूल्य और सफाई खर्च
इस वर्ष सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके साथ ही किसानों को राहत देते हुए सफाई और छनाई के मद में खर्च होने वाले 20 रुपये प्रति क्विंटल की राशि भी एमएसपी में जोड़कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी बनाया गया है।   

फार्मर रजिस्ट्री और 'पहले आओ, पहले पाओ' नियम
इस साल धान क्रय नीति में 'फार्मर रजिस्ट्री' को अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर अपना पंजीकरण करा लें। धान की खरीद 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी। किसान अपने नजदीकी क्रय केंद्र पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री दिखाकर अपना क्रम दर्ज करा सकते हैं। गड़बड़ी मिलने पर केंद्र प्रभारी पर सख्त कार्रवाई होगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*