जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

"डीएम साहब! 3 साल में 50 बार लगाई गुहार, अधिकारी सिर्फ फोटो खींचकर चले जाते हैं," फरियादी का छलका दर्द

चंदौली के पीडीडीयू नगर तहसील में एक फरियादी ने प्रशासन की पोल खोल दी। पीड़ित का आरोप है कि 3 साल में 50 प्रार्थना पत्र देने के बाद भी उसे आवंटित जमीन पर कब्जा नहीं मिला, अधिकारी सिर्फ फोटोबाजी कर लौट जाते हैं।

 

आवंटित जमीन पर कब्जे के लिए भटक रहा पीड़ित

संपूर्ण समाधान दिवस में फोटोबाजी का आरोप

लेखपाल और पुलिस पर पैसे मांगने का आरोप

3 साल में 50 बार दिया प्रार्थना पत्र

जिलाधिकारी ने दिया ठोस निस्तारण का आश्वासन

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर एक फरियादी ने पुलिस और लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाए। फरियादी ने बताया कि उसे आवंटित जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए तीन साल में 50 से अधिक प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन जिला प्रशासन की टीम सिर्फ मौके पर आकर फोटो खींचकर चली जाती है।

आपको बता दें कि पीडीडीयू नगर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस का फरियादी चक्कर काट रहे हैं लेकिन आशा के अनुरूप न्याय नहीं मिल रहा है। वहीं संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरने पीतांबर का पूरा निवासी चंदन प्रसाद ने आरोप लगाया कि वह सरकार द्वारा 2021 में आवंटित भूमि पर झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। गांव के शिवकुमार पुत्र सुखराम, महेंद्र पुत्र किसुन और सुखराम पुत्र छेदी ने उसकी झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और आवंटित जमीन पर अतिक्रमण कर रहे हैं।

पीड़ित के अनुसार, 2023 से 2026 तक वह संपूर्ण समाधान दिवस पर लगातार चक्कर काटता रहा, लेकिन उसे सिर्फ आश्वासन मिलता रहा। उसने यह भी आरोप लगाया कि लेखपाल और पुलिसकर्मी कब्जा दिलाने के नाम पर पैसे मांगते हैं। जब भी संपूर्ण समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र दिया जाता है, तो जिला प्रशासन की टीम मौके पर आती है, फोटो खींचती है और चली जाती है। उसने न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस मौके पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मुख्य रूप से भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें सामने आई हैं। इन समस्याओं के निस्तारण के लिए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो फरियादी बार-बार तहसील के चक्कर काटते हैं, उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक हल किया जाएगा ताकि किसी को बार-बार परेशान न होना पड़े।

पीडीडीयू नगर के एसडीएम अनुपम मिश्रा ने जानकारी दी कि कुल 65 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से मौके पर ही 7 का निस्तारण कर दिया गया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे, सीएमओ युगल किशोर राय, तहसीलदार राहुल सिंह, डीपीआरओ नीरज सिन्हा, नायब तहसीलदार अमित कुमार, बीडीओ रूबेन शर्मा. अलीनगर इंस्पेक्टर अनिल पांडेय. मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह.बबुरी इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*