जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

योगी सरकार के निर्देश पर चंदौली पुलिस सख्त; चाईनीज मांझा बेचा तो जाना होगा जेल, SP ने जारी की सख्त चेतावनी

चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में जिले भर में चाईनीज मांझे के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि मुनाफे के लिए लोगों की जान जोखिम में डालने वाले दुकानदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 
 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सघन चेकिंग

चाईनीज मांझा बेचने वालों पर होगी FIR

सूचना देने वालों का नाम रखा जाएगा गुप्त

पर्यावरण और मानव जीवन के लिए खतरा

योगी सरकार के आदेश के बाद बढ़ा एक्शन

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा चाईनीज मांझे पर लगाए गए कड़े प्रतिबंध के बाद चंदौली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर (IPS) के पर्यवेक्षण में पूरे जनपद में चाईनीज मांझा बेचने वालों के विरुद्ध एक वृहद चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत समस्त थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ बाजारों और संदिग्ध दुकानों पर छापेमारी की।

जानलेवा है चाईनीज डोर, पर्यावरण को भी नुकसान
अभियान के दौरान पुलिस ने आम जनता को चाईनीज मांझे के जानलेवा खतरों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक ने अपील करते हुए कहा कि चाईनीज मांझा अत्यधिक तेज और न टूटने वाला होता है, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बेजुबान पक्षियों की जान को गंभीर खतरा बना रहता है। यह मांझा प्लास्टिक मिश्रित होने के कारण पर्यावरण के लिए भी अत्यधिक हानिकारक है।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त
पुलिस ने जनता से सहयोग मांगते हुए कहा है कि यदि कहीं भी चोरी-छिपे चाईनीज मांझे की बिक्री की जा रही है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि जनहानि को रोकना भी है।

दोषी दुकानदारों पर होगी कठोर कार्रवाई
चेतावनी देते हुए पुलिस प्रशासन ने कहा कि जो दुकानदार अधिक मुनाफे के चक्कर में चाईनीज मांझे का स्टॉक रखते हैं या उसे चोरी-छिपे बेचते हैं, उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें आने वाले दिनों में भी इस अभियान को जारी रखेंगी ताकि जिले को पूरी तरह चाईनीज मांझा मुक्त बनाया जा सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*