चंदौली में यातायात पुलिस हुयी सक्रिय, 216 गाड़ियों का कर दिया चालान
चंदौली पुलिस ने ओवरलोडिंग में की कार्रवाई
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भी एक्शन जारी
बिना हेलमेट के 71 बाइक राइडर्स का चालान
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चंदौली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी यातायात और प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों, विशेषकर स्कूली वाहनों, बस, ऑटो और अन्य निजी व व्यावसायिक वाहनों की जांच करना था। पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूली वाहनों पर विशेष ध्यान दिया। जांच के दौरान कई वाहन चालकों को यात्री संख्या के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जिनके खिलाफ तुरंत चालान की कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही, पुलिस ने वाहन चालकों और आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्हें नशे में गाड़ी न चलाने, ओवरलोडिंग न करने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, नाबालिगों को गाड़ी न चलाने देने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने जैसे नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

इस अभियान के तहत 8 सितंबर, 2025 को कुल 216 वाहनों का चालान किया गया। इनमें क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले 30, बिना हेलमेट के 71, नो पार्किंग में 47, गलत दिशा में चलने वाले 6 और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन शामिल थे। इन सभी चालानों से कुल ₹2,62,600/- का जुर्माना वसूला गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








