जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

कई बैरियर तोड़े, पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, रात में ऐसे चला था चंदौली पुलिस का हाईड्रामेटिक चेज़

चंदौली में गांजा तस्करी की आशंका पर पुलिस ने एक कंटेनर का पीछा किया। चालक ने पुलिस वाहनों को टक्कर मारी और नौबतपुर बॉर्डर के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

 
 

तस्करों की आशंका में पुलिस ने किया पीछा

पुलिस गाड़ियों को टक्कर मारकर तोड़ी बैरिकेडिंग

भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग से भाग निकला कंटेनर

नौबतपुर बॉर्डर के पास गाड़ी छोड़कर चालक फरार

कंटेनर में मिले कंबल, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में बुधवार की रात करीब 1 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस जब एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने की कोशिश कर रही थी, तब बेखौफ चालक ने पुलिस की गाड़ियों को ही टक्कर मार दी। इसके बाद चालक तेज रफ्तार में बैरिकेडिंग तोड़ते हुए बिहार की सीमा की तरफ भागने लगा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

क्रॉसिंग खुली मिलने से पुलिस को चकमा देकर भागा
मिली जानकारी के अनुसार, चंदौली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बड़े कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। बलुआ पुलिस ने जब रास्ते में चेकिंग शुरू की, तो तेज रफ्तार कंटेनर ने सकलडीहा कोतवाली पुलिस के वाहन में सीधी टक्कर मार दी। पीछा करने के दौरान भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग खुली होने के कारण कंटेनर चालक वहां से तेजी से गाड़ लेकर निकलने में कामयाब हो गया।

बैरिकेडिंग तोड़कर नौबतपुर बॉर्डर की तरफ बढ़ा
इसके बाद पुलिस ने चंदौली में रेलवे ओवरब्रिज के आगे मजबूत बैरिकेडिंग लगाकर कंटेनर को घेरने का पूरा प्रयास किया। हालांकि, चालक ने रुकने के बजाय बैरिकेडिंग को जोर से टक्कर मारी और गाड़ी लेकर आगे निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आई और बिहार से सटे नौबतपुर बॉर्डर के पास रास्ते में जाम लगाकर कंटेनर का रास्ता रोकने की पूरी घेराबंदी कर ली।

सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर फरार हुआ ड्राइवर
पुलिस की चौतरफा सख्त घेराबंदी देखकर चालक घबरा गया। उसने नौबतपुर बॉर्डर से महज 500 मीटर पहले ही कंटेनर को सड़क के किनारे खड़ा किया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। जब शुरुआती जांच की गई, तो कंटेनर के अंदर कंबल लदे हुए मिले। अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि कंबलों के पीछे कोई नशीला पदार्थ छिपा था या नहीं।

पुलिस जांच की जा रही तेज
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप का माहौल है। सदर कोतवाली पुलिस से जुड़े अधिकारी बिंदेश्वरी पांडेय ने बताया कि संदिग्ध कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के मौके से भाग जाने के कारण फिलहाल यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसमें क्या-क्या सामान लदा था। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और कोई भी संदिग्ध चीज बरामद होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*