'त्योहारों पर अराजकता बर्दाश्त नहीं': चंदौली पुलिस हाई अलर्ट पर, ग्रामीण इलाकों में होलिका दहन को लेकर विशेष निगरानी शुरू।
चंदौली जिले में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। एसपी आदित्य लांघे के निर्देशन और एएसपी अनंत चंद्रशेखर की मौजूदगी में पुलिस ने सदर बाजार में फ्लैग मार्च निकाला और आमजन को सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाया।
चंदौली में त्योहारों के मद्देनजर पुलिस हाई अलर्ट
एसपी आदित्य लांघे के निर्देश पर फ्लैग मार्च
सदर बाजार में एएसपी अनंत चंद्रशेखर की पैदल गश्त
होलिका दहन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी
असामाजिक तत्वों और अफवाहों पर 24 घंटे पैनी नजर
आगामी त्योहारों, विशेषकर होली और होलिका दहन को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसी क्रम में, पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य लांघे के कुशल निर्देशन में सदर क्षेत्र सहित जिले के सभी प्रमुख बाजारों और कस्बों में पुलिस बल द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
सदर बाजार में पुलिस की गश्त, व्यापारियों से किया संवाद
फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनंत चंद्रशेखर स्वयं भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। पुलिस टीम ने सदर मार्केट में पैदल गश्त कर दुकानदारों, खरीदारों और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। एएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपद्रवियों को चेतावनी: 'कानून हाथ में लिया तो खैर नहीं'
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहारों की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों और असमाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसके लिए संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल (PAC) की तैनाती की गई है। जिले के प्रमुख चौराहों और बाजारों में 24 घंटे पेट्रोलिंग के साथ-साथ सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों में होलिका दहन पर विशेष फोकस
शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ होलिका दहन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। ग्राम स्तर पर बीट प्रभारियों और हल्का सिपाहियों को निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि होलिका स्थापना स्थल या किसी अन्य बात को लेकर कोई विवाद या अफवाह की स्थिति न उत्पन्न हो। एएसपी ने कहा, "त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन से भी अपील है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।"
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







