जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पुलिस के साथ व्यापारियों की मीटिंग, दारू पीकर बवाल करने पर होगा एक्शन, CCTV पर सबने दिया जोर

चंदौली पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में 'व्यापारी बंधु' की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। एएसपी सदर विक्रम दहिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, शराब के ठेकों पर निगरानी और 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
 

चंदौली पुलिस लाइन में 'व्यापारी बंधु' की समीक्षा बैठक

एएसपी सदर विक्रम दहिया ने सुनीं व्यापारियों की समस्याएं

शराब के ठेकों के बाहर अराजकता करने वालों पर सख्ती

'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत CCTV कैमरे दुरुस्त करने की अपील

सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई में आने का आह्वान

चंदौली जिले में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है। पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के कुशल निर्देशन में गुरुवार (24 सितंबर 2026) को पुलिस लाइन्स स्थित सभागार कक्ष में 'व्यापारी बंधु', उद्यमियों और सर्राफा व्यवसायियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला और क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा चिंताओं को दूर करना तथा शिकायतों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण समाधान कराना रहा।

police meeting

शराब के ठेकों पर अराजकता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
गोष्ठी के दौरान उपस्थित व्यापारियों और उद्यमियों ने अपनी सुरक्षा से जुड़ी कई चिंताएं और समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एएसपी सदर विक्रम दहिया ने सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में शराब की दुकानों और ठेकों के बाहर अनावश्यक भीड़ लगाने तथा शराब पीकर अराजकता व असभ्य कृत्य करने वालों के खिलाफ विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एएसपी ने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों या दुकानों के आसपास उपद्रव करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत CCTV कैमरे लगाने की अपील
व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा चक्र को मजबूत करने के उद्देश्य से बैठक में "ऑपरेशन त्रिनेत्र" पर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी व्यापारी बंधुओं से अपील करते हुए निम्नलिखित बिंदु सामने रखे:---

  • 1-सभी व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों, दुकानों और व्यावसायिक परिसरों के बाहर अनिवार्य रूप से हाई-क्वालिटी सी.सी.टी.वी. (CCTV) कैमरे लगवाएं।
  • 2-जिन दुकानों पर पहले से कैमरे लगे हैं और वे किसी कारण से खराब हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करवाएं।
  • 3-कैमरों का एंगल इस तरह से सेट रखें, जिससे मुख्य मार्ग और आने-जाने वाली सड़कों का दृश्य स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सके।
  • 4-सी.सी.टी.वी. सिस्टम को हमेशा 24 घंटे चालू स्थिति में रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित साक्ष्य मिल सके।

सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई में भाग लेने का आह्वान
अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अगली बैठक से पूर्व ही प्राप्त अधिकांश समस्याओं का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा। साथ ही, व्यापारियों एवं आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित होने वाली पुलिस जनसुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

एएसपी सदर ने व्यापारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस विभाग हर समय कारोबारियों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। कोई भी व्यवसायी किसी भी समय संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना सीधे पुलिस को दे सकता है, जिस पर तत्काल रिस्पॉन्स दिया जाएगा। इस बैठक में जिले के प्रतिष्ठित व्यापारी संघ के पदाधिकारी, बड़े उद्यमी तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*